दिल्ली में बारिश ने 10 दिन में ध्वस्त किया अगस्त का रिकॉर्ड
दिल्ली में सिर्फ 10 दिनों के भीतर ही अगस्त महीने की औसत बारिश का रिकॉर्ड टूट गया है। इस दौरान शहर में कुल 234.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। सुबह तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, जबकि दिन में यह 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
लगातार 10वें दिन भी अच्छी रही दिल्ली की हवा
राहत की बात यह है कि दिल्ली की हवा की गुणवत्ता लगातार 10वें दिन भी संतोषजनक बनी हुई है। सोमवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 89 दर्ज किया गया। हालांकि, बारिश पूरे शहर में एक समान नहीं हुई। जहां मयूर विहार जैसे इलाकों में 37 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, वहीं आयानगर जैसे कई क्षेत्रों में बारिश लगभग ना के बराबर रही।
इस असमान वितरण के चलते कुछ मोहल्लों में जलभराव की समस्या देखने को मिल सकती है, जबकि अन्य इलाकों के लोग बारिश की बूंदों का इंतजार ही करते रह गए।