लखनऊ गुरुकुल में 11 साल के छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, संचालक फरार
लखनऊ के एक गुरुकुल में 11 साल के दिव्यांश नाम के बच्चे की मौत हो गई। वह कुछ ही दिन पहले मुफ्त वैदिक शिक्षा लेने के लिए यहां आया था। परिवार का आरोप है कि दिव्यांश के शरीर पर चोट के दर्जनों निशान थे और उसे बांधे जाने के भी सबूत थे। परिवार को आशंका है कि बच्चे के साथ गंभीर दुर्व्यवहार किया गया।
हालांकि, गुरुकुल संचालक का कहना है कि दिव्यांश की मौत गिरने की वजह से हुई। लेकिन, मदद करने के बजाय उसने बच्चे के शव को परिवार के घर के बाहर छोड़ दिया और खुद फरार हो गया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया
पुलिस ने इस मामले में गुरुकुल संचालक और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने का मामला दर्ज किया है। घटना की जांच के लिए एक विशेष टीम बनाई गई है। वहीं, पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए दिव्यांश के शव का पोस्टमार्टम वीडियो रिकॉर्ड किया जा रहा है। दिव्यांश की बहन ने बताया कि मौत से ठीक कुछ घंटे पहले ही उसकी अपने भाई से आखिरी बार बात हुई थी। तब दिव्यांश ने अपनी बहन को बताया था कि वह गुरुकुल में पढ़ाई कर रहा है और नई-नई चीजें सीख रहा है।