असम में बाढ़ से अब तक 104 मौतें, हुआ 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान
असम में जुलाई महीने में आई बाढ ने भारी तबाही मचाई है। चार जिलों में 26,000 से ज्यादा घर तबाह हुए हैं और दुखद बात यह है कि इस आपदा में 104 लोगों की जान चली गई है। 17 अगस्त को मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस आपदा से प्रभावित परिवारों के लिए 15,000 रुपये की अंतरिम मदद का ऐलान किया। इस बाढ ने लोगों के मवेशी घर और हथकरघा सामान भी बर्बाद कर दिए, जिनसे कई परिवार अपनी रोजी-रोटी चलाते थे।
असम में 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के नुकसान का अनुमान
रिपोर्ट के अनुसार, 18,887 मवेशी शेड और 5.98 लाख पालतू जानवर भी इस आपदा की भेंट चढ गए हैं। इसके अलावा, लगभग 41,000 हथकरघा सामान भी नष्ट हो गया, जिससे यहां के स्थानीय कारोबार को बड़ा झटका लगा है। 93,256 प्रभावित किसानों की पहचान की जा चुकी है। नुकसान का सर्वे अभी भी जारी है। इसके पहले चरण का काम 28 या 29 अगस्त तक पूरा हो जाएगा, जिसकी सारी जानकारी एक वेब पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। अनुमान है कि कुल नुकसान 1,000 करोड़ रुपये से भी ज्यादा हो सकता है। राज्य सरकार सीधे नकद सहायता देने की योजना बना रही है और प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत घरों के पुनर्निर्माण के लिए केंद्र सरकार से मदद की अपील भी कर रही है।