जुबीन गर्ग की मौत साजिश या हादसा? सिंगापुर कोर्ट ने उठाया सबसे बड़े राज से पर्दा
क्या है खबर?
असम के सुपरस्टार और मशहूर गायक जुबीन गर्ग की मौत की गुत्थी सुलझ गई है या अब भी कुछ पन्ने अनसुने रह गए हैं? लाजर द्वीप की उन खौफनाक लहरों के बीच उस रात असल में क्या हुआ था, इसका जवाब अब सिंगापुर के स्टेट कोरोनर कोर्ट ने दे दिया है। महीनों तक चले सस्पेंस और साजिश के आरोपों के बीच अदालत ने अपनी अंतिम रिपोर्ट में ज़ुबीन की मौत की असली वजह का खुलासा किया है।
मौत की गुत्थी
जुबीन की मौत की गुत्थी सुलझी
महीनों से चल रहे सस्पेंस, अनगिनत थ्योरी और 'साजिश' के आरोपों के बीच जुबीन की मौत की गुत्थी अब सुलझ गई है। 25 मार्च, 2026 को सिंगापुर के स्टेट कोरोनर कोर्ट ने इस मामले में अपना अंतिम फैसला सुनाया है और इसी के साथ कोर्ट ने उन सभी कयासों पर विराम लगा दिया है, जो इस मौत के पीछे किसी साजिश की ओर इशारा कर रहे थे। कोर्ट ने केस को आधिकारिक तौर पर 'हादसा' घोषित कर दिया है।
खुलासा
जुबीन की मौत एक दुखद दुर्घटना, कोई साजिश नहीं
अदालत ने स्पष्ट किया कि जुबीन की मृत्यु एक दुखद दुर्घटना थी और उनकी जान डूबने की वजह से गई। पुलिस की गहन जांच और साक्ष्यों का हवाला देते हुए स्टेट कोरोनर ने कहा कि अदालत के पास पुलिस के निष्कर्षों से अलग हटने का कोई कारण नहीं है। इस फैसले ने न केवल असम, बल्कि पूरे भारत में ज़ुबीन के प्रशंसकों के बीच चल रहे 'हत्या या साजिश' के सवाल का अंत कर दिया है।
मौत का कारण
जुबीन की मौत असहज हालात और थकान की वजह से
अदालत की रिपोर्ट के मुताबिक, मौत से पहले जुबीन थके हुए थे, फिर भी उन्होंने समंदर में तैरने की कोशिश की। उन्हें लाइफ जैकेट ऑफर की गई थी, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। कोर्ट में पेश वीडियो साक्ष्यों के हवाले से बताया गया कि पानी में उनके हाथ-पांव लड़खड़ा रहे थे वो असहज दिख रहे थे। वे नाव की तरफ लौटने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन थकान और शारीरिक परेशानी के चलते लहरों के बीच बेसुध हो गए।
हादसा
नशे के चलते संतुलन खोने की वजह से हुआ पानी में हादसा
सिंगापुर अदालत की रिपोर्ट के मुताबिक, जब ज़ुबीन पानी में बेसुध हुए तो फौरन अन्य तैराकों ने उन्हें बाहर निकाला। नाव पर CPR दिया गया और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। उधर टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट में उनके खून में एल्कोहल इतना ज्यादा था कि संतुलन और सोचने-समझने की क्षमता प्रभावित हो गई। अदालत का मानना है कि इसी वजह से वे पानी में खुद को संभाल नहीं पाए और ये दुखद हादसा हुआ।
दुखद
जुबीन के चाहनेवालों के लिए सबसे दुखद दिन
बता दें कि 19 सितंबर 2025 की तारीख जुबीन के चाहनेवालों के लिए किसी कयामत से कम नहीं थी। वो एक सांस्कृतिक उत्सव में शामिल होने सिंगापुर आए थे, जहां उनकी परफॉर्मेंस तय थी, लेकिन उससे पहले एक निजी 'यॉट आउटिंग' के दौरान जो हुआ, उसने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया। गवाहों के मुताबिक, ज़ुबीन ने पहले लाइफ जैकेट पहन रखी थी, लेकिन कुछ ही देर बाद उन्होंने उसे ये कहकर उतार दिया कि उसकी फिटिंग सही नहीं है।