दादी आशा भोसले को याद कर भावुक हुईं जनाई, लिखा- वह सभी के दिलों में रहेंगी
क्या है खबर?
दिग्गज गायिका आशा भोसले का निधन संगीत जगत में एक दौर का अंत है। उन्होंने 12 अप्रैल को मुंबई के कैंडी ब्रीच अस्पताल में अपनी अंतिम सांस ली। 92 वर्षीय गायिका का अंतिम संस्कार 13 अप्रैल को राजकीय सम्मान के साथ किया गया। आशा भोसले के जाने से उनकी पोती जनाई भोसले पूरी तरह से टूट गई हैं। अब उन्होंने अपनी दादी को याद करते हुए सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया है।
श्रद्धाजंलि
जनाई भोसले ने अपनी दादी आशा भोसले को दी श्रद्धाजंलि
उन्होंने पोस्ट में लिखा, 'मैं भावआनों से इतनी भरी हूं कि जब समय मिलेगा तब कुछ लिखूंगी, लेकिन मुझे यह कहना होगा कि आज और उसके बाद भी बहुत से लोगों ने उनका सम्मान किया, उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके प्रति अपना प्यार दिखाया। मैं तहे दिल से आप सभी का धन्यवाद करती हूं। वह इसकी पूरी हकदार थीं। मुझे एहसास है कि वह हम सभी के दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगी। उन्होंने ऊपर से सब देखा है।'
डेब्यू
फिल्मों में जल्द डेब्यू करेंगी जनाई भोसले
जनाई ने अपनी दादी की तरह ही संगीत की दुनिया में आगे बढ़ने का फैसला किया। पिछले साल उनका गाना 'केहंदी' जारी हुआ था, जिसे लोगों ने खूब पसंद किया। खुद आशा भाेसले ने अपनी पोती की तारीफ करते हुए उनका हौसला बढ़ाया था। संगीत के अलावा, जनाई अभिनय की दुनिया में भी सक्रिय होने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्हें ऋषभ शेट्टी की फिल्म 'द प्राइड ऑफ भारत- छत्रपति शिवाजी महाराज' से डेब्यू करते हुए देखा जाएगा।