युवराज सिंह ने अपनी बायोपिक पर दिया बड़ा अपडेट, स्क्रिप्ट से शूटिंग तक बताया सबकुछ
क्या है खबर?
स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में 6 छक्के जड़ने से लेकर कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी को हराकर मैदान पर वापसी करने तक पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह की जीवन यात्रा प्रेरणादायक रही है। हाल ही में एक खास बातचीत में इस दिग्गज ऑलराउंडर ने अपनी फिटनेस और क्रिकेट के बाद की अपनी नई पारी पर खुलकर बात की। इसके साथ ही उन्होंने अपनी बहुप्रतीक्षित बायोपिक को लेकर भी बड़ा अपडेट साझा किया है।
सेहत
मुश्किल वक्त में अपनों से बात करना बेहद जरूरी
मिड डे के साथ हुई एक बातचीत में युवी ने अपनी कैंसर से जंग को याद करते हुए कहा, "स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है। एक समय मैं भी इस पर बात करने से डरता था कि कहीं मेरा क्रिकेट करियर खत्म न हो जाए, लेकिन मेरे सफर ने लोगों को प्रेरित किया। मानसिक सेहत बहुत महत्वपूर्ण है और मुश्किल दौर में परिवार व दोस्तों से बात करना बेहद जरूरी है।"
पुष्टिक
युवराज सिंह ने अपनी बायोपिक पर लगाई मोहर
भूषण कुमार और फिल्म 'सचिन: ए बिलियन ड्रीम्स' बनाने वाले रवि भगचांदका, युवराज की बायोपिक को प्रोड्यूस कर रहे हैं। इस पर काम जारी है।
अपनी बायोपिक की स्थिति पर अपडेट देते हुए युवराज ने बताया, "स्क्रिप्ट राइटिंग का काम पिछले 6 महीनों से चल रहा है और अगले 9 से 12 महीनों में पटकथा पूरी तरह तैयार हो जाएगी। अगर मेरी टीम समय पर अपना काम पूरा कर लेती है तो हम अगले साल से शूटिंग शुरू कर देंगे।"