आदित्य चोपड़ा और करण जौहर के पिटारे में क्या है खास? सितारों की लंबी फौज तैयार
क्या है खबर?
बॉलीवुड के 2 बड़े निर्माता, आदित्य चोपड़ा (YRF) और करण जौहर (धर्मा),साल 2026 में बॉक्स ऑफिस पर राज करने के लिए तैयार हैं। जहां आदित्य अपने 'स्पाई यूनिवर्स' के तहत फिल्म 'अल्फा' के साथ एक्शन की नई परिभाषा लिख रहे हैं, वहीं करण जौहर 'नागजिला' और 'चांद मेरा दिल' जैसी बड़ी फिल्मों के साथ दर्शकों को चौंकाने की पूरी तैयारी में हैं। एक नजर YRF और धर्मा की आने वाली बहुप्रतीक्षित फिल्मों पर।
#1 और #2
आलिया भट्ट और अहान पांडे के साथ फिल्म
YRF स्पाय यूनिवर्स की पहली महिला केंद्रित फिल्म 'अल्फा' 10 जुलाई, 2026 को सिनेमाघरों का रुख करेगी। आलिया भट्ट और शरवरी वाघ इसमें सुपर-एजेंट के अवतार में दिखेंगी, जबकि बॉबी देओल खूंखार विलेन बनकर उन्हें चुनौती देंगे। उधर 'सैयारा' की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद आदित्य चोपड़ा ने अहान पांडे को अब एक एक्शन हीरो के रूप में लॉन्च करने का फैसला किया है। अली अब्बास जफर के निर्देशन में बनने वाली इस फिल्म में अहान संग शरवरी वाघ नजर आएंगी।
#3, #4 और #5
'कृष 4', मोहित सूरी और आयुष्मान खुराना की फिल्म भी चर्चा में
सबसे बड़ा धमाका 'कृष 4' को लेकर हुआ है। आदित्य चोपड़ा और राकेश रोशन मिलकर इस VFX से लबरेज फिल्म का निर्माण कर रहे हैं। ऋतिक रोशन इस फिल्म के निर्देशक भी होंगे। उधर 'सैयारा' के बाद मोहित सूरी और YRF की जोड़ी दोबारा साथ आ रही है। मोहित वर्तमान में एक इंटेंस रोमांस ड्रामा की पटकथा लिख रहे हैं, वहीं YRF और पोशम पा पिक्चर्स मिलकर एक सस्पेंस थ्रिलर बना रहे हैं जिसमें आयुष्मान खुराना लीड रोल में होंगे।
#1 और #2
'चांद मेरा दिल' और 'नागजिला'
उधर करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस ने भी अपना पूरा कैलेंडर तैयार कर लिया है। अनन्या पांडे और लक्ष्य लालवानी अभिनीत फिल्म 'चांद मेरा दिल' यूनिवर्सिटी के छात्रों के जीवन, उनके संघर्ष और प्यार की कहानी पेश करती है। विवेक सोनी के निर्देशन में बनी ये फिल्म 22 मई, 2026 को रिलीज होगी। दूसरी तरफ करण की फिल्म 'नागजिला' में कार्तिक आर्यन एक 'इच्छाधारी नाग' की भूमिका में नजर आएंगे। 'फुकरे' वाले मृगदीप सिंह लांबा इस फिल्म के निर्देशक हैं।
#3, #4 और #5
'कुकू की कुंडली', 'लग जा गले' और स्पाई कॉमेडी फिल्म
लोकप्रिय यूट्यूबर भुवन बाम अब धर्मा प्रोडक्शंस के साथ पहली बार फिल्म 'कुकू की कुंडली' के साथ सिनेमाघरों में अपनी शुरुआत करने जा रहे हैं। उधर निर्देशक राज मेहता के साथ करण एक जबरदस्त एक्शन-कॉमेडी फिल्म 'लग जा गले' लेकर आ रहे हैं। इस फिल्म में लक्ष्य लालवानी, जाह्नवी कपूर और टाइगर श्रॉफ मुख्य भूमिकाओं में हैं, वहीं धर्मा प्रोडक्शंस एक अनोखी 'स्पाय कॉमेडी' ला रहा है। इसमें आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की जोड़ी देखने को मिलेगी।
जानकारी
धर्मा की ये फिल्में भी कतार में
धर्मा एक महिला-प्रधान हॉरर थ्रिलर बना रहा है, जिससे मिस इंडिया वर्ल्ड 2022 सिनी शेट्टी बॉलीवुड डेब्यू करेंगी। एक प्रोजेक्ट आदित्य रॉय कपूर के साथ है, वहीं करण 'कभी खुशी कभी गम' की तर्ज पर एक भव्य फैमिली ड्रामा का निर्देशन भी कर रहे हैं।