'ये प्रेम मोल लिया' होगी बॉक्स ऑफिस पर हिट? पहले दिन कमा सकती है इतने करोड़
क्या है खबर?
सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म की एडवांस बुकिंग रिलीज से महज 3 दिन पहले शुरू हुई है। चूंकि यह एक पारिवारिक फिल्म है और इसमें कोई बड़ा सुपरस्टार नहीं है, इसलिए प्री-सेल्स से ज्यादा उम्मीदें नहीं हैं। ऐसी फिल्मों की सफलता काफी हद तक ओपनिंग डे की बुकिंग और दर्शकों से मिलने वाली सकारात्मक प्रतिक्रिया पर निर्भर करती है।
एडवांस बुकिंग
'ये प्रेम मोल लिया' के एडवांस बुकिंग से बिके इनते टिकट
सैकनिल्क के मुताबिक, रिलीज से 2 दिन पहले तक 'ये प्रेम मोल लिया' के ओपनिंग डे के लिए देशभर में 10 हजार से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं।
इससे फिल्म ने करीब 30 लाख रुपये की ग्रॉस कमाई की है। वहीं, पूरे वीकेंड की एडवांस बुकिंग को मिलाकर यह आंकड़ा 50 लाख रुपये के पार पहुंच गया है।
अगले 2 दिनों में बुकिंग बढ़ने की उम्मीद है, हालांकि इसके एक करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने की संभावना कम है।
कमाई
पहले दिन इतने करोड़ कमा सकती है 'ये प्रेम मोल लिया'
हालांकि, ऐसी फिल्मों के लिए कम एडवांस बुकिंग चिंता की बात नहीं मानी जाती, लेकिन 'ये प्रेम मोल लिया' की स्थिति अच्छी नजर आ रही।
ट्रेड से जुड़े लोगों के मुताबिक, फिल्म के संगीत और ट्रेलर ने दर्शकों के बीच अच्छी चर्चा पैदा की है। ऐसे में इसे पहले दिन 7-8 करोड़ रुपये की नेट ओपनिंग मिल सकती है।
अगर नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे, तब भी इसकी कमाई 5 करोड़ रुपये से नीचे जाने की संभावना नहीं है।
बजट
पहले वीकेंड में फिल्म कर सकती है इतनी कमाई
कुछ ट्रेड विशेषज्ञों का मानना है कि दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिलने पर फिल्म 9 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी पार कर सकती है।
वहीं, पहले वीकेंड में इसकी कुल कमाई 25-30 करोड़ रुपये से अधिक होने की उम्मीद है। करीब 60 करोड़ रुपये के सीमित बजट में बनी इस फिल्म के लिए यह शानदार शुरुआत होगी।
फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी के साथ अनुपम खेर, सीमा पाहवा और सौम्या टंडन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।