यश की 'टॉक्सिक' को मामूली बदलावों के साथ मिला 'A' सर्टिफिकेट, बिना कट पास हुई यश की 3 घंटे लंबी फिल्म
यश की नई फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स' को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने 'A' (यानी सिर्फ बड़ों के लिए) सर्टिफिकेट दे दिया है। यह फिल्म कुल 3 घंटे 14 मिनट और 12 सेकंड लंबी है।
हालांकि, बोर्ड ने इसमें से कोई सीन नहीं काटा है, लेकिन कन्नड़ के कुछ शब्दों के साथ-साथ उनके इंग्लिश सबटाइटल्स में भी छोटे-मोटे बदलाव करने को कहा है।
CBFC ने 'टॉक्सिक' के लिए सेहत से जुड़ी चेतावनी मांगी
CBFC ने 'टॉक्सिक' के लिए कुछ सेहत से जुड़ी चेतावनियां दिखाने को भी कहा है। बोर्ड की शर्त है कि फिल्म की शुरुआत में और इंटरमिशन के बाद धूम्रपान और नशीले पदार्थों के खिलाफ चेतावनियां दिखाई जाएं।
वहीं, ब्रिटिश बोर्ड ऑफ फिल्म क्लासिफिकेशन ने इसे 'A' कैटेगरी में रखा है, जिसमें हिंसा और कुछ अन्य सीन से जुड़ी चेतावनी दी गई थी।
रिलीज की तारीखों में कई बदलाव के बाद, 'टॉक्सिक' आखिरकार 26 अगस्त को सिनेमाघरों में पहुंच रही है। इस फिल्म में बड़े-बड़े सितारे देखने को मिलेंगे। यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी और तारा सुतारिया भी अहम किरदारों में हैं।
हाल ही में, कियारा ने फिल्म के सेट से पर्दे के पीछे के कुछ वीडियो साझा किए थे और यश ने भी दर्शकों से फिल्म के टिकट पहले से बुक करने की अपील की है।