यश के रावण बनने से क्यों परेशान हो गए थे बेटे यथर्व? अभिनेता ने खोला राज
क्या है खबर?
फिल्म निर्माता नितेश तिवारी की 'रामायण' 5 नवंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म के प्रमोशन के दौरान यश ने बताया कि फिल्म में रावण का किरदार निभाने पर उनके बेटे यथर्व की क्या प्रतिक्रिया थी। यश के मुताबिक, उनका बेटा इस बात से खुश नहीं था कि वह रावण बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका बेटा दादा-दादी से रामायण की कहानियां सुनकर बड़े हुए हैं।
सवाल
यश के बेटे ने पूछ लिए यह सवाल
यश ने बताया, "एक बेटे के लिए उसके पिता ही उसके हीरो होते हैं, क्योंकि उसे रामायण की कहानी पता है, इसलिए उसने मुझसे पूछा, 'आप रावण हैं? आप रावण कैसे हो सकते हैं? क्या आप राम नहीं हैं?'
तब मैंने उससे कहा, 'हां, असल जिंदगी में तो मैं राम ही हूं, लेकिन फिल्म में मैं रावण का किरदार निभा रहा हूं।'
इस पर उसने कहा, 'तो फिर आप बुरे इंसान हैं।' तब मैंने उसे अभिनय के बारे में समझाया।
बातचीत
यश के बेटे ने उनसे पूछा यह सवाल
यश ने बताया कि जब उनके बेटे ने पूछा कि फिल्म देखते समय उसे किसका समर्थन करना चाहिए, तो यश को यह मुश्किल सवाल लगा।
यश ने कहा, "फैंस के मन में भी यही सवाल होगा कि 'यश यह भूमिका क्यों कर रहे हैं?' खासकर 'सीता अपहरण' जैसे दृश्यों में, जहां मुझे पसंद नहीं किया जाना चाहिए। तब मैंने बेटे को साफ शब्दों में समझाया, 'जब हम यह कहानी सुनते हैं, तब हमें भगवान राम के रास्ते पर चलना चाहिए।"
मुश्किल
यश के लिए यह काम था मुश्किल भरा
यश ने आगे कहा, "रावण भले ही आकर्षक, शानदार या शक्तिशाली लग सकता है, लेकिन अंत में, अगर आपको जीतना है, तो आपको भगवान राम के आदर्शों को समझना होगा। हालांकि, फिल्म में आप मेरा समर्थन कर सकते हैं, लेकिन इसे निजी तौर पर न लें।'"
यश ने आगे कहा कि यथर्व को यह समझाना उनके लिए मुश्किल था कि उन्होंने जो किरदार निभाया है, वह असल जिंदगी में उनके खुद के व्यक्तित्व से बिल्कुल अलग है।
बात
यश को अपने बेटे को समझानी पड़ी यह बात
यथर्व ने आगे यश से पूछा कि क्या फिल्म में उनकी मौत हो जाएगी या वह हार जाएंगे। ऐसे में यश को अपने बेटे को समझाना पड़ा कि वह बस एक किरदार निभा रहे हैं।
यश ने बताया कि इस सवाल ने उन्हें चौंका दिया, क्योंकि फिल्म में काम करते समय उन्होंने यह नहीं सोचा था कि उनके बेटे की उनके किरदार को लेकर क्या प्रतिक्रिया हो सकती है।