'दृश्यम 3' में 'मीरा देशमुख' बनकर लौटेंगी तब्बू? जानिए क्या बोले निर्देशक अभिषेक पाठक
क्या है खबर?
अजय देवगन की एक्शन थ्रिलर फिल्म 'दृश्यम 3' इस साल बॉक्स ऑफिस लूटने आ रही है। इस फ्रैंचाइजी की पिछली दोनों किस्तों ने दर्शकों का बखूबी दिल जीता था। इस कारण तीसरी कड़ी का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। कुछ के मन में सवाल है कि क्या तीसरी कड़ी में तब्बू अपने किरदार 'मीरा देशमुख' के रूप में वापसी करेंगी। अब निर्देशक अभिषेक पाठक ने अभिनेत्री की वापसी को लेकर संकेत दे दिया है।
वापसी
तब्बू के किरदार को लेकर बहुत कुछ देखना बाकी
जूम के साथ बातचीत में निर्देशक ने तब्बू की वापसी को लेकर स्पष्ट संकेत दिया। उन्होंने कहा कि भले दर्शकों को लगता है कि मीरा का ट्रैक 'सैम' (फिल्म में मीरा का बेटा) की अस्थियां विसर्जन के साथ खत्म हो गया है, लेकिन अभी बहुत कुछ देखना बाकी है। उन्होंने कहा, "हर कोई यही सोचता है। जिस क्षण आपको लगता है कि दृश्यम खत्म हो रही है, आपने असल में गहराई से नहीं देखा। अभी बहुत कुछ कहना बाकी है।"
रिलीज
अक्टूबर में रिलीज होगी 'दृश्यम 3'
'दृश्यम 3' इस फ्रैंचाइजी का तीसरा और आखिरी अध्याय है, जो 2 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में आएगा। इसमें अजय के अलावा, श्रिया सरन, इशिता दत्ता, और मृणाल जाधव भी अपने पुराने किरदारों में वापसी कर रहे हैं। यह जीतू जोसेफ की इसी नाम की मलयालम फिल्म का आधिकारिक रीमेक है, जिसमें मोहनलाल मुख्य किरदार में हैं। हालांकि निर्देशक ने स्पष्ट किया है कि तीसरी कड़ी को मलयालम फिल्म 'दृश्यम 3' से काफी अलग बनाया गया है।