Page Loader
'इंडियन आइडल' में फिर दिख सकते हैं अनु मलिक

'इंडियन आइडल' में फिर दिख सकते हैं अनु मलिक

Mar 18, 2021
09:11 pm

क्या है खबर?

म्यूजिक कंपोजर अनु मलिक एक बार फिर शो 'इंडियन आइडल 12' में नजर आ सकते हैं। हालांकि इस बार उनकी एंट्री बतौर जज नहीं, बल्कि मेहमान के तौर पर होगी। उन्हें शो के एक स्पेशल एपिसोड का हिस्सा बनाया गया है। इस एपिसोड में सिंगर उदित नारायण और गीतकार समीर भी नजर आएंगे। संगीत के सितारों की यह तिकड़ी अपने सुझावों से प्रतियोगियों का हौसलाअफजाई करती दिखेगी। आइए जानते हैं, अनु शो के किस एपिसोड का हिस्सा बनने वाले हैं।

खुलासा

शो के 90 के दशक स्पेशल एपिसोड में नजर आएंगे अनु

टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक अनु मलिक शो के 90 के दशक स्पेशल एपिसोड में नजर आएंगे। इसमें 90 के दशक के कई गाने दर्शकों के सामने पेश किए जाएंगे। अनु मलिक ने 90 के दशक में कई फिल्मों के लिए म्यूजिक कंपोज किया है। यह एपिसोड उनके बिना पूरा नहीं हो सकता था। यही वजह है कि उन्हें गेस्ट के तौर पर लाने का निर्णय लिया गया।

इल्जाम

यौन शोषण के आरोपों के बाद अनु को छोड़नी पड़ी थी जज की कुर्सी

अनु 'इंडियन आइडल' की शुरुआत से ही इसका हिस्सा रहे हैं। शो के पहले सीजन में वह बतौर जज नजर आए। इसके बाद आगे भी कई सीजन में उन्होंने इंडियन आइडल के जज की कुर्सी संभाली, लेकिन शो के दसवें सीजन में सिंगर सोना महापात्रा, नेहा भसीन और श्वेता पंडित समेत कई महिलाओं ने उन पर यौन शोषण के आरोप लगाए थे। इसके बाद उन्हें शो से निकाल दिया गया था। फिर शो में जावेद अली की एंट्री हुई थी।

विरोध

पिछले साल भी अनु को दिखाया था शो से बाहर का रास्ता

शो के 11वें सीजन में अनु को फिर जज बनाकर लाया गया था। उन्हें फिर से देख लोग भड़क गए थे। शो और अनु मलिक का सोना महापात्रा, नेहा और श्वेता ने लगातार सोशल मीडिया पर विरोध किया था। इस बाबत सोना ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को ओपन लेटर भी लिखा था। इसके बाद जब मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने संज्ञान लिया और सोनी टीवी से स्पष्टीकरण मांगा गया, तब अनु को शो से बाहर कर दिया गया।

जानकारी

'इंडियन आइडल 12' में अब इन प्रतियोगी के बीच होगा मुकाबला

'इंडियन आइडल 12' में अब पवनदीप राजन, मोहम्मद दानिश, शनमुख प्रिया, अरुणिता कांजीलाल, अंजलि गायकवाड़, सवाई भाट, आशीष कुलकर्णी, नचिकेत लेले, निहाल तारो और सयाली कांबले बचे हैं। इस सीजन में टॉप 15 प्रतियोगी चुने गए थे। इनमें से अब तक साहिल सोलंकी, सम्यक प्रसन्ना, वैष्णव गिरीश, अनुष्का बनर्जी और सिरीषा भागवतुला का सफर खत्म हो चुका है। टॉप 5 प्रतियोगियों में फिलहाल पवनदीप राजन, मोहम्मद दानिश, शनमुख प्रिया, अरुणिता कांजीलाल और आशीष कुलकर्णी हैं।