यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय कौन थीं, जिनकी महाकाल जाते वक्त थमीं सांसें? मां ने भी गंवाई जान
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश के हाथरस से उज्जैन में महाकाल मंदिर के दर्शन के लिए निकला एक परिवार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। मध्य प्रदेश में हुए इस दर्दनाक हादसे में 23 वर्षीय यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय और उनकी मां सारिका वार्ष्णेय की मौत हो गई। कार सवार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। बाबा महाकाल के द्वार पहुंचने से पहले ही हुई इस भयानक त्रासदी की शिकार हुईं छवि आखिर कौन थीं? आइए जानते हैं।
दर्दनाक हादसा
ट्रक में घुसी कार, यूट्यूबर छवि और मां की मौत; पिता समेत 3 गंभीर
ये दर्दनाक हादसा उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर रामाखेड़ी गांव के पास हुआ। परिवार कार से महाकाल के दर्शन करने उज्जैन जा रहा था, तभी उनकी गाड़ी आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और छवि व उनकी मां की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में छवि के पिता श्यामलाल, रिश्तेदार सूरजपाल और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल आगर में भर्ती कराया गया है।
परिचय
कौन थीं हाथरस की यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय?
छवि उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के महौखास गांव की रहने वाली लोकप्रिय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, यूट्यूबर और लाइफस्टाइल व्लॉगर थीं।
उन्होंने साल 2021 में अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया था, जहां वो अपनी रोजमर्रा की जिंदगी, दिनचर्या, काम, और पारिवारिक पलों को कैमरे में कैद करके दर्शकों के सामने पेश करती थी।
धीरे-धीरे लोग उनके वीडियो पसंद करने लगे और देखते ही देखते चैनल की लोकप्रियता तेजी से बढ़ गई।
जुनून
बचपन से ही होनहार थीं छवि
बता दें कि गांव में किराना की दुकान चलाने वाले छवि के पिता और परिवार ने उनके कंटेंट क्रिएटर बनने के सफर में हमेशा पूरा समर्थन दिया था।
छवि के चचेरे भाई सचिन वार्ष्णेय ने बताया, "वो बचपन से ही प्रतिभाशाली थीं और उन्होंने अपनी ग्रेजुएशन पूरी कर ली थी। पढ़ाई में भी वो हमेशा आगे रहती थीं। शुरुआत से ही उनके अंदर कुछ अलग करने और जिंदगी में आगे बढ़ने का जुनून था।"
लोकप्रियता
लाइफस्टाइल व्लॉग्स से गेमिंग तक का सफर
लाइफस्टाइल व्लॉग्स को मिले बेहतरीन रिस्पॉन्स के बाद छवि ने अपने चैनल पर नया प्रयोग किया। उन्होंने ऑनलाइन गेमिंग के वीडियो भी बनाना शुरू कर दिया। उनका ये अंदाज भी फैंस को पसंद आया, जिससे उनके चैनल को और रफ्तार मिली।
गेमिंग कंटेंट की वजह से उनके साथ बड़ी संख्या में युवा जुड़ने लगे, जिसने उन्हें सोशल मीडिया पर एक अलग पहचान दिलाई।
यूट्यूब पर उनके 7 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर्स और इंस्टाग्राम पर 1 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे।