इन्फ्लुएंसर मंजीत कौर कौन थीं, जिन्हें अपहरण के बाद हैवानों ने पीटा और फिर जिंदा जलाया?
क्या है खबर?
चंडीगढ़ की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मंजीत कौर के अपहरण और हत्याकांड से जुड़ी एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। बेखौफ बदमाशों ने पहले उनका अपहरण किया, फिर बेरहमी से पिटाई की और इसके बाद उन्हें जिंदा जला दिया। करीब 2 महीने तक अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ने के बाद आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया। आइए जानते हैं कि आखिर मंजीत कौर कौन थीं और उनके साथ ये खौफनाक हादसा कैसे हुआ।
दुखद
2 महीने बाद तोड़ा दम
चंडीगढ़ पुलिस ने 28 वर्षीय पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मंजीत कौर की मौत के बाद अपहरण और हत्या का मामला दर्ज किया है।
3 जुलाई की रात सेक्टर 34 से कथित तौर पर अगवा किए जाने और पंजाब के मोरिंडा के पास आग के हवाले किए जाने के लगभग 2 महीने बाद मंजीत ने PGIMER में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनकी मां कांता देवी की शिकायत पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
दर्दनाक
मंजीत को पेड़ से बांधा और फिर लगा दी आग
शिकायत के मुताबिक, शुभी और पिंडा नाम के 2 परिचितों ने मंजीत को सेक्टर 34 में शराब की दुकान के पास मिलने के लिए बुलाया था।
परिवार का आरोप है कि दोनों ने उन्हें जबरन कार में बिठाया और मोरिंडा ले गए। वहां उनके साथ मारपीट की गई, फिर शहतूत के पेड़ से बांधकर आग लगा दी गई।
इसी बीच एक परिचित ने उन्हें लपटों से घिरा देख कंबल से आग बुझाई और तुरंत मोरिंडा के अस्पताल में भर्ती कराया।
आपबीती
होश आते ही बताई आपबीती
बाद में मंजीत को मोहाली के मैक्स अस्पताल और फिर 9 जुलाई को PGIMER रेफर कर दिया गया।
हफ्तों गंभीर हालत में रहने के बाद 5 अगस्त को होश आने पर उन्होंने परिजनों को हमले की आपबीती बताई।
परिवार का आरोप है कि मंजीत बयान देना चाहती थीं, लेकिन पुलिस ने दर्ज नहीं किया। हालांकि, पंजाब पुलिस ने लापरवाही के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि मामला चंडीगढ़ पुलिस के अधिकार क्षेत्र का था।
परिचय
कौन थीं मंजीत कौर?
मंजीत कौर लोकप्रिय पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर थीं। वो पंजाब के खरड़ और सनी एन्क्लेव क्षेत्र की रहने वाली थीं और सोशल मीडिया पर कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स व पंजाबी-हरियाणवी गानों पर रील बनाने के लिए मशहूर थीं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब डेढ़ लाख फॉलोअर्स थे।
इसके अलावा मंजीत का एक यूट्यूब चैनल भी था, जिस पर लगभग 3,930 सब्सक्राइबर्स थे। इस चैनल पर वह अपने फैमिली ब्लॉग्स अपलाेड किया करती थीं।
तलाकशुदा मंजीत का एक 7 साल का बेटा भी है।