
कौन हैं स्वास्तिका मुखर्जी, जिन्होंने निर्माता पर लगाए आरोप? बोलीं- वो फर्जी तस्वीरें वायरल कर देगा
क्या है खबर?
बंगाली सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री स्वास्तिका मुखर्जी एक बार नहीं, बल्कि कई बार विवादों में पड़ चुकी हैं। अब फिर वह विवादों से घिर गई हैं।
दरअसल, उन्होंने अपनी आने वाली बंगाली फिल्म 'शिबपुर' की रिलीज से पहले एक ऐसा खुलासा किया, जिससे बंगाली सिनेमा में सनसनी मच गई है।
स्वास्तिका ने अपनी इस फिल्म के सह-निर्माता पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
आइए आपको स्वास्तिका की पेशेवर जिंदगी से लेकर उनकी निजी जिंदगी के बारे में विस्तार से बताते हैं।
मामला
सबसे पहले जानिए क्या है मामला
स्वास्तिका ने हाल ही में खुलासा किया कि उनकी अगली फिल्म 'शिबपुर' के सह-निर्माता संदीप सरकार और उनके सहयोगियों की तरफ से उन्हें धमकी भरे मेल भेजे गए हैं।
उन्हें यह भी धमकी दी गई है कि उनकी तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर उन्हें अश्लील वेबसाइटों पर वायरल कर दिया जाएगा।
स्वास्तिका ने इस मामले को लेकर कोलकाता, गोल्फ ग्रीन पुलिस स्टेशन में शिकायत भी दर्ज कराई है। अभिनेत्री ने ईस्टर्न इंडिया मोशन पिक्चर्स एसोसिएशन से भी मदद मांगी है।
पदार्पण
स्वास्तिका ने 2003 में बंगाली सिनेमा में रखा था कदम
स्वास्तिका ज्यादातर बंगाली और हिंदी फिल्मों में नजर आती हैं। उनके पिता संतू मखर्जी भी एक लोकप्रिय कलाकार थे।
स्वास्तिका का जन्म 13 दिसंबर, 1980 को कोलकाता में हुआ था।
उन्हें पहली बार बंगाली टीवी शो 'देवदासी' में देखा गया था। 2003 में आई फिल्म 'हेमांतर पाखी' से उन्होंने बंगाली फिल्मों में पदार्पण किया, जबकि फिल्म 'मस्तान' में स्वास्तिका पहली बार मुख्य भूमिका में नजर आईं।
उनकी यह फिल्म 2004 में रिलीज हुई थी।
नई पारी
फिल्म 'मुंबई कटिंग' से बॉलीवुड में शुरू किया करियर
स्वास्तिका की पहली हिंदी फिल्म 'मुंबई कटिंग' थी, जो 2008 में रिलीज हुई थी। अनुराग कश्यप ने इस फिल्म का निर्देशन किया था। इसके बाद 2015 में उन्हें फिल्म 'डिटेक्टिव ब्योमकेश बख्शी' में देखा गया था।
2020 में रिलीज हुई दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की फिल्म 'दिल बेचारा' में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी।
उनकी आखिरी बॉलीवुड फिल्म 'कला' थी, जो 2022 में रिलीज हुई।
इसमें स्वास्तिका ने तृप्ति डिमरी की मां उर्मिला मंजूश्री का किरदार निभाया था।
निजी जिंदगी
18 की उम्र में की शादी
स्वास्तिका ने 1998 में 18 की उम्र में प्रोमित सेन से शादी की। 2000 में स्वास्तिका ने बेटी अनवेशा को जन्म दिया। दुर्भाग्य से ये शादी चल नहीं पाई। 2 साल बाद ही उनकी राहें जुदा हो गईं।
स्वास्तिका ने प्रोमित पर शारीरिक शोषण करने और गर्भवती होने पर घर से बाहर निकालने, प्रताड़ित करने और दहेज मांगने का आरोप भी लगाया।
हालांकि, इन आरोपों को बाद में खारिज कर दिया गया और प्रोमित को बरी कर दिया गया।
विवाद
विवादों से रहा पुराना नाता
2014, में स्वास्तिका को आत्महत्या की कोशिश में अस्पताल में दाखिल किया गया था। उन्होंने अपनी कलाई और हाथ की नस काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। इसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
स्वास्तिका उस वक्त भी खूब विवादों में रहीं, जब सिंगापुर में ज्वैलरी स्टोर के लॉन्चिंग इवेंट में उन पर झुमके चोरी करने का इल्जाम लगा।
इसके अलावा स्वास्तिका के एक फर्जी MMS कांड पर भी खूब बवाल मचा था।
जानकारी
फिल्म 'शिबपुर' में नजर आएंगी स्वास्तिका
पिछले कुछ समय से स्वास्तिका 'शिबपुर' को लेकर सुर्खियों में हैं। यह एक पॉलिटिकल थ्रिलर फिल्म है, जिसमें उनके साथ परमब्रत चट्टोपाध्याय मुख्य भूमिका में दिखेंगे। वह इसमें पुलिस बने हैं, वहीं स्वास्तिका ने एक माफिया गैंग की लीडर मंदिरा बिस्वास का किरदार निभाया है।