अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' पर किसका हक? जानिए कौन हैं रमोला बच्चन, जिन्होंने उठाए सवाल
क्या है खबर?
अमिताभ बच्चन की भाभी रमोला बच्चन हमेशा फिल्मी दुनिया की चमक-दमक से दूर रही हैं। लेकिन अब वह परिवार से जुड़े संपत्ति विवाद को लेकर चर्चा में हैं। खबरों के मुताबिक, रमोला ने साल 1993 के उस दस्तावेज को अदालत में चुनौती दी है, जिसके जरिए जुहू स्थित बंगले 'जलसा' का मालिकाना हक जया बच्चन के नाम किया गया था। रमोला का दावा है कि यह संपत्ति पहले उनके नाम पर दर्ज थी।
परिचय
अमिताभ बच्चन ने ही करवाई थी भाई अजिताभ की रमोला से मुलाकात
रमोला एक फैशन डिजाइनर और कारोबारी हैं। वह अमिताभ बच्चन के छोटे भाई अजिताभ की पूर्व पत्नी हैं।
अमिताभ और रमोला की मुलाकात 1960 के दशक में हुई थी, जब अमिताभ कोलकाता की एक कंपनी में नौकरी करते थे। दोनों एक-दूसरे को जानते थे। बाद में अमिताभ ने ही रमोला की मुलाकात अजिताभ से करवाई थी।
साल 1973 में रमोला और अजिताभ की शादी हुई और संयोग से उसी साल अमिताभ ने भी जया बच्चन से विवाह किया था।
सफर
रमोला बच्चन की पढ़ाई और करियर का सफर
रमोला और अजिताभ के 4 बच्चे हैं भीम, नम्रता, नैना और नीलिमा। इनमें से नैना की शादी अभिनेता कुणाल कपूर से हुई है।
साल 1947 में कोलकाता में जन्मीं रमोला ने शुरुआती दौर में अंग्रेजी साहित्य और राजनीति की पढ़ाई की, जिसके बाद उन्होंने अमेरिका से बिजनेस मैनेजमेंट का कोर्स किया।
इसके अलावा उन्होंने लंदन में वकील की ट्रेनिंग भी ली और अपने करियर के शुरुआती दिनों में एक एयर होस्टेस के रूप में भी काम किया।
पहचान
फैशन से लेकर रेस्तरां कारोबार तक में बनाई पहचान
रमोला ने फैशन, टीवी और इवेंट्स के क्षेत्र में काम किया है। लंदन में 'टीवी एशिया' की होस्ट रहते हुए उन्होंने टोनी ब्लेयर, इमरान खान और रविशंकर जैसी बड़ी हस्तियों के इंटरव्यू लिए।
भारत लौटने के बाद उन्होंने अपना फैशन ब्रांड 'फर्स्ट रिसॉर्ट' शुरू किया। इसके अलावा, उन्होंने 'आरबीसी इवेंट्स' नाम से इवेंट कंपनी शुरू की और दिल्ली में रेस्तरां व कैटरिंग का काम भी किया।
साल 2020 में उन्होंने 'द एक्सीडेंटल शेफ' की शुरुआत की।
दावा
अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' पर रमोला का दावा
कई क्षेत्रों में काम करने के बावजूद रमोला हमेशा चर्चा से दूर रही हैं, लेकिन 'जलसा' से जुड़े संपत्ति विवाद के कारण वह एक बार फिर सुर्खियों में हैं।
खबरों के मुताबिक, रमोला ने पिछले 7 महीनों में रजिस्ट्रेशन अधिकारियों से कई बार शिकायत की है।
फिलहाल यह मामला अंधेरी के डिप्टी रजिस्ट्रार के पास है। सोसायटी के रिकॉर्ड में जलसा की मालकिन जया बच्चन हैं, जबकि महाराष्ट्र सरकार के प्रॉपर्टी कार्ड में अब भी रमोला का नाम दर्ज है।
मालिकाना हक
अब अधिकारी तय करेंगे कौन है 'जलसा' का असली मालिक
रमोला ने संपत्ति नाम करने वाले कागज पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि यह दस्तावेज बिना स्टांप ड्यूटी चुकाए और गवाहों के हस्ताक्षर के सादे कागज पर बनाया गया था।
बाद में इसे राज्य सरकार की 'अभय योजना' के तहत मान्यता दिलाई गई। अब अधिकारियों को यह तय करना है कि संपत्ति का असली मालिक कौन है और दस्तावेज सही है या नहीं।
अमिताभ और जया ने इस मामले पर अब तक कोई बयान नहीं दिया है।