गायक गुलाब सिद्धू कौन हैं, जिनके घर पर हुई फायरिंग? सिद्धू मूसेवाला से था खास रिश्ता
क्या है खबर?
पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू के बरनाला स्थित घर के बाहर शनिवार देर रात नकाबपोश हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। बाइक सवार हमलावरों ने घर के गेट पर कई गोलियां चलाईं। इस हमले की जिम्मेदारी गैंगस्टर बलविंदर सिंह उर्फ डोनी बाल ने ली है। घटना के वक्त गुलाब सिद्धू घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आइए जानते हैं कौन हैं गुलाब सिद्धू और सिद्धू मूसेवाला से उनका क्या रिश्ता था।
गोलीबारी
CCTV में कैद हुए बाइक सवार हमलावर
फायरिंग में गोलियां घर के मुख्य गेट पर लगीं। कम से कम 6 राउंड फायरिंग हुई। गैंगस्टर डोनी बाल ने वायरल ऑडियो के जरिए हमले की जिम्मेदारी ली है। उसने गुलाब पर सिद्धू मूसेवाला के नाम का फायदा उठाने का आरोप लगाया।
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें बाइक सवार 3 संदिग्ध नजर आ रहे हैं। घटना के समय गुलाब के परिवार के सदस्य घर पर ही मौजूद थे। आरोपियों की पहचान की जा रही है।
परिचय
कौन हैं गुलाब सिद्धू?
गुलाब सिद्धू पंजाब के जाने-माने गायक हैं। उनके गानों को करोड़ों व्यूज मिल चुके हैं।
गुलाब ने साल 2020 में सिद्धू मूसेवाला के साथ 'बाई बाई' गाने में काम किया था, जो सुपर-डुपरहिट हुआ था। दोनों के बीच करीबी रिश्ता था। गुलाब के हाथ पर मूसेवाला का टैटू भी है और वो सोशल मीडिया पर उनके लिए न्याय की मांग करते रहे हैं।
उनके लोकप्रिय गानों में 'लाहौर', 'जान मेरिये', 'शुकर मालका', 'सरपंच', 'पंज सत्त' और 'डेड जोन' शामिल हैं।