कौन हैं नवाजुद्दीन सिद्दीकी की 'टीकू वेड्स शेरू' से चर्चा में आईं अवनीत कौर?
क्या है खबर?
बुधवार को नवाजुद्दीन सिद्दीकी की फिल्म 'टीकू वेड्स शेरू' का ट्रेलर जारी हुआ था। ट्रेलर में नवाज के साथ अभिनेत्री अवनीत कौर नजर आ रही हैं।
ट्रेलर आने के बाद से सोशल मीडिया पर अवनीत चर्चा में हैं। यह उनकी पहली फिल्म है। पहली ही फिल्म में नवाज और कंगना रनौत के साथ काम करने का मौका मिलने से अवनीत काफी खुश हैं।
आइए, जानते हैं कौन हैं अवनीत कौर।
विवाद
विवादों में घिरी नवाज और अवनीत की जोड़ी
'टीकू वेड्स शेरू' का ट्रेलर आते ही यह विवादों में भी घिर गई है।
दरअसल, फिल्म में नवाज और अवनीत की जोड़ी को लेकर लोगों को आपत्ति है क्योंकि नवाज 49 वर्ष के हैं और अवनीत सिर्फ 21 साल की हैं। इस पर भी ट्रेलर में नवाज और अवनीत के बीच किसिंग सीन देखने को मिला है। इसे लेकर दर्शक भड़क गए।
लोगों ने इसके लिए कंगना को भी कटघरे में खड़ा किया क्योंकि वह इस फिल्म की निर्माता हैं।
परिचय
सोशल मीडिया पर अवनीत के हैं करोड़ों फॉलोअर
अवनीत 21 वर्ष की भारतीय अभिनेत्री, मॉडल और डांसर हैं।
उनका जन्म अक्टूबर, 2001 में पंजाब के जलंधर में हुआ था। बाद में वह मुंबई शिफ्ट हो गई थीं। उन्होंने मुंबई के कांडीवली में एक प्राइवेट कॉलेज से कॉमर्स में स्नातक किया है।
अवनीत का अपना यूट्यूब चैनल भी है, जिस पर करीब 17 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं। इंस्टाग्राम पर भी उनके 3 करोड़ से ज्यादा फॉलोवर हैं। वह सोशल मीडिया पर कई ब्रैंड प्रमोट करती नजर आती हैं।
बाल कलाकार
क्या आपको याद है नन्ही अवनीत?
अवनीत ने छोटी सी उम्र में ही कैमरे का अनुभव पा लिया था।
2010 में वह रिएलिटी शो 'डांस इंडिया डांस लिटिल मास्टर्स' में नजर आई थीं। इसके बाद वह 'डांस के सुपरस्टार' में भी नजर आईं।
डांस रिएलिटी शो 'झलक दिखला जा' में उन्होंने दर्शील सफारी के साथ हिस्सा लिया था। वह इस शो की सबसे छोटी प्रतिभागी थीं।
वह 'एक मुट्ठी आसमान', 'हमारी सिस्टर दीदी', 'अलादिन- नाम तो सुना होगा' जैसे टीवी शो में काम कर चुकी हैं।
फिल्में
इन फिल्मों में बड़े पर्दे पर नजर आईं अवनीत
मुख्य भूमिका में 'टीकू वेड्स शेरू' उनकी डेब्यू फिल्म है, लेकिन इससे पहले भी वह बड़े पर्दे पर दिख चुकी हैं। उन्होंने रानी मुखर्जी की फिल्म 'मर्दानी' में एक छोटी सी भूमिका निभाई थी।
इरफान खान की फिल्म 'करीब करीब सिंगल' में भी उनकी झलक देखने को मिली थी।
टीकू वेड्स शेरू के बाद वह सनी सिंह के साथ फिल्म 'लव की अरेंज मैरेज' में नजर आएंगी।
इनके अलावा वह कई म्यूजिक वीडियो में नजर आ चुकी हैं।