मन्नारा चोपड़ा के मारने से अस्पताल पहुंच गई थीं श्रद्धा दास, फिर उठाया मुद्दा
क्या है खबर?
'बिग बॉस' के फिनाले से ठीक पहले सभी फाइनलिस्ट खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। आम दर्शक से लेकर फिल्मी हस्तियां तक अपने पसंदीदा प्रतिभागियों को सपोर्ट कर रही हैं।
इन प्रतिभागियों को लेकर सोशल मीडिया पर खूब विवाद भी हो रहे हैं।
अब मन्नारा चोपड़ा से जुड़ा एक पुराना विवाद सामने आया है, जिसने उनके प्रशंसकों को हैरान कर दिया है। उनकी सह-कलाकार श्रद्धा दास ने आरोप लगाया था कि फिल्म की शूटिंग में मन्नारा ने उन्हें जानबूझकर मारा था।
आरोप
मन्नारा के मारने पर अभिनेत्री को जाना पड़ा था अस्पताल
मन्नारा ने 2014 में फिल्म 'जिद' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था।
उस वक्त फिल्म में उनकी सह-कलाकार श्रद्धा दास ने एक इंटरव्यू में आरोप लगाया था कि फिल्म के एक्शन दृश्यों की शूटिंग के दौरान मन्नारा ने उन्हें जानबूझकर कई बार मारा था।
एक दृश्य में उन्होंने थर्माकोल का डंडा इस्तेमाल करने की बजाय असल में बबूल के डंडे से उन्हें मारा, जिससे उन्हें चोट लग गई थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा था।
हिंसा
शरीर में जम गए थे खून के थक्के
श्रद्धा ने आरोप लगाया था कि एक दृश्य में मन्नारा को उन्हें धक्का देकर सीढ़ियों पर गिराना था। उन्होंने बहुत जोर से धक्का दिया। श्रद्धा ने उन्हें इसके लिए समझाया।
बकौल श्रद्धा, मन्नारा नई थीं, इसलिए उन्होंने उनसे ज्यादा कुछ नहीं कहा, लेकिन वह बार-बार ऐसा करती रहीं।
एक अन्य दृश्य में मन्नारा ने हील पहनकर उनके सीने पर कई बार मारा था। उनके शरीर पर करीब 30 खून के थक्के जम गए थे।
विवाद
श्रद्धा ने फिर छेड़ी बात
अब सोशल मीडिया पर यह विवाद फिर से चर्चा में है। एक बार फिर श्रद्धा ने अपनी बात कही है।
सोशल मीडिया पर उन्होंने लिखा, 'आप बिना किसी मजबूत पृष्ठभूमि के नेपोटिज्म से नहीं लड़ सकते हैं। आपका सच दबा दिया जाएगा। वह उन्हीं लोगों की वजह से अंधेरे में चला जाएगा, जो नारीवाद और मानव अधिकार की बातें करते हैं।'
श्रद्धा का आरोप था कि मन्नारा को प्रियंका चोपड़ा की बहन होने का फायदा मिला था।
परिचय
कौन हैं मन्नारा चोपड़ा?
मन्नारा यूं तो प्रियंका और परिणीति चोपड़ा की चचेरी बहन हैं, लेकिन शो के पहले हफ्ते ही उन्होंने साफ कह दिया था कि वह अपनी मशहूर बहनों का नाम इस्तेमाल नहीं करना चाहती हैं।
मन्नारा बॉलीवुड अभिनेत्री और मॉडल हैं। वह बॉलीवुड के साथ कई दक्षिण भारतीय फिल्मों में काम कर चुकी हैं। वह कई म्यूजिक वीडियो में भी नजर आई हैं।
'बिग बॉस' में मुनव्वर फारूकी के साथ उनकी नजदीकियां चर्चा में रहीं।