रणवीर सिंह की 'धुरंधर' पर फिदा हुए फिनलैंड के राष्ट्रपति, बोले- अब सीक्वल का इंतजार
क्या है खबर?
रणवीर सिंह की एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'धुरंधर' का जादू सात समंदर पार तक पहुंच गया है। भारत के राजकीय दौरे पर आए फिनलैंड के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर स्टब ने खुलासा किया है कि उन्होंने भारत आने से पहले अपने बेटे की सलाह पर 'धुरंधर' देखी। राष्ट्रपति एलेक्जेंडर ने न केवल फिल्म की सराहना की, बल्कि उन्होंने 19 मार्च 2026 को रिलीज होने वाले इसके सीक्वल 'धुरंधर: द रिवेंज' को देखने के लिए अपनी उत्सुकता भी जाहिर की है।
फिल्म
भारत आने से पहले बेटे की सलाह पर देखी 'धुरंधर'
एलेक्जेंडर ने भारत की राजकीय यात्रा के दौरान दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की। ANI से बातचीत में राष्ट्रपति बोले, "बड़ी दिलचस्प बात है कि भारत आने से पहले, मेरे बेटे ने मुझे 'धुरंधर' देखने का सुझाव दिया था और मैंने उसे देखा। बेशक, वो फिल्म की कहानी का एक हिस्सा था। मैं आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई से खुश हूं और 19 मार्च को आने वाले इसके सीक्वल (अगले भाग) का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।"
सीक्वल
2025 की सबसे बड़ी हिट 'धुरंधर' का सीक्वल तैयार
आदित्य धर के निर्देशन में बनी 'धुरंधर' 5 दिसंबर, 2025 में रिलीज हुई थी, जो साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनकर निकली। अब इसके सीक्वल के ट्रेलर रिलीज ने भी जबरदस्त चर्चा बटोर ली है। रणवीर फिल्म में जसकीरत सिंह रंगी के रूप में अपनी भूमिका को दोहराएंगे। ट्रेलर में उन्हें ल्यारी की खतरनाक आपराधिक दुनिया में कदम रखते हुए दिखाया गया है। संजय दत्त और आर माधवन जैसे कलाकारों ने भी सीक्वल में वापसी की है।