वामिका गब्बी की पिछली 5 फिल्मों का लेखा-जोखा, एक के छूटे बॉक्स ऑफिस पर पसीने
क्या है खबर?
बॉलीवुड में अपनी खास पहचान बनाने वाली अभिनेत्री वामिका गब्बी 'भूत बंगला' को लेकर चर्चा में हैं। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म में उनके साथ अक्षय कुमार हैं। 'जुबली' और 'खुफिया' जैसी वेब सीरीज और फिल्मों के बाद वामिका का कद इंडस्ट्री में लगातार बढ़ रहा है। क्या आप जानते हैं कि अक्षय के साथ स्क्रीन शेयर करने से पहले वामिका की पिछली फिल्मों का प्रदर्शन कैसा रहा है? एक नजर उनकी पिछली 5 फिल्मों पर।
#1
'भूल चूक माफ'
वामिका की पिछली फिल्म भूल चूक माफ थी, जिसमें उनकी जोड़ी पहली बार राजकुमार राव के साथ बनी थी। करण शर्मा के निर्देशन में बनी इस फैंटेसी रोमांटिक कॉमेडी फिल्म में संजय मिश्रा और रघुबीर यादव जैसे कलाकार भी थे। 23 मई, 2025 को रिलीज हुई इस फिल्म का बजट 50 करोड़ रुपये था। फिल्म ने दुनियाभर में 90 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी। बॉक्स ऑफिस पर सफल रही ये फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद है।
#2
'बेबी जॉन'
'बेबी जॉन' यूं तो वामिका के करियर की सबसे बड़ी फिल्म रही, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर उनकी इस फिल्म का बुरा हश्र हुआ। एटली इस फिल्म के निर्माता थे और उन्होंने ही इसकी कहानी भी लिखी थी। वामिका के अलावा वरुण धवन और कीर्ति सुरेश ने फिल्म में अहम भूमिका निभाई थी। 180 करोड़ रुपये की लागत वाली इस फिल्म के 156 करोड़ रुपये कमाने में पसीने छूट गए थे। अमेजन प्राइम वीडियो पर ये फिल्म देखी जा सकती है।
#3
'खुफिया'
विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी फिल्म 'खुफिया' साल 2023 में रिलीज हुई थी। फिल्म में वामिका सहायक भूमिका में थीं। तब्बू और अली फजल ने इसमें मुख्य भूमिका में थे। फिल्म में वामिका ने अली की पत्नी चारू रवि मोहन की भूमिका निभाई थी और अपने शानदार अभिनय के लिए फिल्मफेयर OTT अवॉर्ड भी अपने नाम किया था। नेटफ्लिक्स पर आई इस फिल्म को समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी।
#4 और #5
'कली जोट्टा' और '83'
वामिका के करियर में पंजाबी फिल्म 'कली जोट्टा' (2023) एक मील का पत्थर साबित हुई है। इस फिल्म ने न केवल बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की, बल्कि वामिका को एक गंभीर अभिनेत्री के रूप में स्थापित कर दिया। सतिंदर सरताज के साथ आई उनकी इस फिल्म ने 43 करोड़ रुपये कमाए थे। इससे पहले साल 2021 में उन्हें रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म '83' में देखा गया था, जिसका बजट 225 करोड़ रुपये थो और कमाई महज 193 करोड़।