LOADING...
भारतीय सिनेमा का बढ़ा वैश्विक मान, ऑस्कर एकेडमी ने विशाल भारद्वाज समेत 6 दिग्गजों को बुलाया
विशाल भारद्वाज समेत 6 दिग्गजों को ऑस्कर का बुलावा

भारतीय सिनेमा का बढ़ा वैश्विक मान, ऑस्कर एकेडमी ने विशाल भारद्वाज समेत 6 दिग्गजों को बुलाया

Jun 25, 2026
03:09 pm

क्या है खबर?

भारतीय सिनेमा के लिए एक बेहद गर्व का क्षण है। ऑस्कर पुरस्कार देने वाली दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित संस्था 'एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज' ने इस साल सदस्यता के लिए भारत के 6 दिग्गज सिनेमाई कलाकारों को आमंत्रित किया है। इस विशेष सूची में सबसे प्रमुख नाम राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता, निर्देशक और संगीतकार विशाल भारद्वाज का है। विशाल के अलावा भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की 5 अन्य हस्तियों को भी ये सम्मान मिला है।

सम्मान

विशाल के साथ इन हस्तियों को मिली जगह

'एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज' ने ऑस्कर वोटिंग बॉडी (वोट देने वाली संस्था) में शामिल होने के लिए 529 लोगों को आमंत्रित करने की घोषणा की है। इस प्रतिष्ठित सूची में भारत से 6 नाम हैं, जिनमें मशहूर फिल्म निर्माता और संगीतकार विशाल भारद्वाज का नाम प्रमुख है। कास्टिंग डायरेक्टर दिलीप शंकर, एडिटर दीपा भाटिया, ए श्रीकर प्रसाद और कॉस्ट्यूम डिजाइनर एका लखानी और एनिमेटर अवनीत कौर जैसी फिल्मी हस्तियाें को भी आमंत्रित किया गया है।

उपलब्धि

शेक्सपियर की कहानियों से ऑस्कर तक

बहुमुखी प्रतिभा के धनी विशाल भारद्वाज न केवल एक बेहतरीन निर्देशक और लेखक हैं, बल्कि एक शानदार संगीतकार भी हैं। उन्होंने 'मकबूल', 'ओमकारा' और 'हैदर' जैसी शेक्सपियर के नाटकों पर आधारित कालजयी फिल्मों का निर्देशन किया है, जिन्हें वैश्विक स्तर पर काफी सराहा गया। अपने बेहतरीन काम के लिए कई राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीत चुके विशाल भारद्वाज को अब ऑस्कर की वोटिंग बॉडी में शामिल होने का यह बड़ा सम्मान मिला है।

Advertisement

सफरनामा

ऑस्कर का न्योता पाने वाले इन भारतीय का सफर

आमंत्रित भारतीय दिग्गजों का सिनेमा में बड़ा योगदान है। 40 साल का करियर रखने वाले एडिटर एश्रीकर प्रसाद को 'RRR' और 'शेरशाह' के लिए जाना जाता है, जबकि दीपा भाटिया ने 'तारे जमीन पर' जैसी फिल्में एडिट की हैं। कॉस्ट्यूम डिजाइनर एका लखानी को 'डंकी' और 'पोन्नियिन सेल्वन' के काम के लिए पहचान मिली। इनके अलावा 'लास्ट फिल्म शो' के कास्टिंग डायरेक्टर दिलीप शंकर और डिज्नी एनिमेटर अवनीत कौर को भी इस प्रतिष्ठित सूची में जगह मिली है।

Advertisement

इजाफा

10 साल में दोगुनी हो जाएगी वोटर्स की संख्या

एकेडमी ने दुनियाभर के 500 से अधिक सिनेमा दिग्गजों को न्योता भेजा है, जिनमें जेना ओर्टेगा, जैकब एलोर्डी, सिमू लियू और बिल स्कार्सगार्ड जैसे बड़े हॉलीवुड नाम शामिल हैं। अगर ये सभी कलाकार और फिल्म निर्माता इस आमंत्रण को स्वीकार कर लेते हैं तो एकेडमी के कुल सदस्यों की संख्या बढ़कर 11,319 हो जाएगी, जिनमें से 10,338 वोटिंग सदस्य होंगे। ये आंकड़ा पिछले 10 सालों के मुकाबले लगभग दोगुना है।

जानकारी

पिछले साल इन भारतीय हस्तियों को मिला था न्योता

पिछले साल भी भारत के 3 दिग्गजों को ऑस्कर एकेडमी में शामिल होने का न्योता मिला था। इनमें मशहूर अभिनेता कमल हासन, आयुष्मान खुराना और कान्स फिल्म फेस्टिवल में इतिहास रचने वाली फिल्म निर्माता पायल कपाड़िया का नाम शामिल था

Advertisement