Page Loader
'12वीं फेल' की सफलता के बाद एकता कपूर ने विक्रांत मैसी से हाथ मिलाया
विक्रांत मैसी को मिली एकता कपूर की फिल्म

'12वीं फेल' की सफलता के बाद एकता कपूर ने विक्रांत मैसी से हाथ मिलाया

Jan 14, 2024
07:04 pm

क्या है खबर?

विक्रांत मैसी इन दिनों अपनी फिल्म '12वीं फेल' की सफलता का जश्न मना रहे हैं। विधु विनोद चोपड़ा की यह फिल्म IPS मनोज कुमार शर्मा के जीवन पर आधारित है। विक्रांत के शानदार अभिनय और मनोज के दिल छूने वाले संघर्षों ने फिल्म को जबरदस्त सफलता दिलाई। डिज्नी+ हॉटस्टार पर आने के बाद फिल्म फिर से चर्चा में है। '12वीं फेल' की सफलता के बाद विक्रांत ने नई फिल्म के लिए एकता कपूर से हाथ मिलाया है।

खबर

क्या गुजरात दंगों पर आधारित होगी फिल्म?

पिंकविला की खबर के अनुसार, एकता की आगामी फिल्म के लिए विक्रांत का नाम तय हो गया है। पोर्टल के सूत्रों के मुताबिक यह सामाजिक-राजनीतिक थ्रिलर फिल्म है। यह 2000 के दशक की शुरुआत में हुई एक घटना पर आधारित है, जिसने देश की राजनीति में भूचाल ला दिया था। इस घटना का खुलासा नहीं किया गया है। पोर्टल के अनुसार, इस मुद्दे पर सालों से बहस हो रही है पर किसी ने फिल्म बनाने की हिम्मत नहीं की।

मीटिंग 

तैयार है फिल्म की स्क्रिप्ट

इस प्रोजेक्ट का निर्देशन वेब सीरीज 'ग्रहण' के निर्देशक रंजन चंदेल कर रहे हैं। विक्रांत, एकता और रंजन कई बार मुलाकात भी कर चुके हैं। फिल्म की स्क्रिप्ट तैयार हो चुकी है। विक्रांत ने जब स्क्रिप्ट सुनी तो हैरान रह गए और फिल्म के लिए हामी भर दी। इस फिल्म के जरिए न सिर्फ एक मजबूत मुद्दे को पर्दे पर लाया जाएगा, बल्कि विक्रांत के पास अभिनेता के तौर पर एक और दमदार प्रस्तुति देने का अवसर है।

राजकुमार हिरानी

हिरानी की वेब सीरीज में भी शामिल विक्रांत

इससे पहले खबर आई थी कि फिल्म निर्माता-निर्देशक राजकुमार हिरानी ने भी अपने अगले प्रोजेक्ट के लिए विक्रांत से हाथ मिलाया है। हिरानी जल्द ही OTT पर अपना डेब्यू करने जा रहे हैं। उनकी पहली वेब सीरीज डिज्नी+ हॉटस्टार पर आएगी। इसमें विक्रांत मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। यह वेब सीरीज साइबर सुरक्षा पर आधारित होगी और विक्रांत इसमें साइबर क्राइम जांच अधिकारी की भूमिका निभाएंगे। जनवरी में इसकी शूटिंग शुरू होने की खबर है।

आगामी फिल्में 

विक्रांत की इन फिल्मों का है इंतजार

'12वीं फेल' के बाद विक्रांत की कई फिल्में कतार में हैं। इनमें सबसे ज्यादा इंतजार तापसी पन्नू के साथ उनकी फिल्म 'फिर आई दिलरुबा' का हो रहा है। यह 2021 की फिल्म 'हसीन दिलरुबा' का सीक्वल है। वह दिनेश विजान की निठारी कांड पर आधारित फिल्म 'सेक्टर 36' में नजर आएंगे। विक्रांत जल्द ही फिल्म 'यार जिगरी' में दिखाई देंगे। इसमें अभिनेता सनी सिंह के साथ उनका याराना देखने को मिलेगा।