'जन नायकन' देखने के लिए बेताब हुए विजय के फैंस, एडवांस बुकिंग में दिखा गजब नजारा
क्या है खबर?
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय (थलापति विजय) की आखिरी फिल्म 'जन नायकन' 23 जुलाई को रिलीज हो रही है। निर्माता वेंकट के नारायण ने बताया कि एच विनोद द्वारा निर्देशित यह फिल्म करीब 7,000 सिनेमाघरों में और 30 से ज्यादा देशों में रिलीज होने के लिए तैयार है। चूकि ये विजय की आखिरी फिल्म है, इसलिए इसे देखने के लिए दर्शक बेताब हैं। तभी तो कर्नाटक और विदेशों में कुछ स्थानों पर शुरू हुई बुकिंग काफी प्रभावशाली नजर आ रही है।
बिक्री
मिनटों में बिक गए 'जन नायकन' के शो
फ्री प्रेस जर्नल के मुताबिक, बेंगलुरु में बहुप्रतीक्षित फिल्म देखने के लिए सुबह 6 बजे के पहले दिन के पहले शो (FDFS) के सभी टिकट मिनटों में बिक चुके हैं। कई लोग पहली स्क्रीनिंग देखने के लिए आसपास के शहरों की में जाने की योजना बना रहे हैं।
बता दें, कर्नाटक में फिल्म के लिए एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है, जबकि तमिलनाडु में 19 जुलाई से फिल्म के एडवांस टिकटों की बिक्री शुरू होने की उम्मीद है।
फिल्म
लंबे इंतजार के बाद सिनेमाघरों में आ रही 'जन नायकन'
'जन नायकन' 9 जनवरी को रिलीज होनी थी, लेकिन सेंसर प्रमाणपत्र न मिलने के कारण ऐसा नहीं हो सका।
हालांकि, अब ये भारत की सबसे बड़ी थिएटर रिलीज में से एक बनने जा रही है।
फिलहाल विदेशों में भी इसकी एडवांस बुकिंग को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। ब्रिटेन में एक वितरक ने बताया कि बुकिंग शुरू होने के पहले घंटे के भीतर ही हजारों टिकट बिक गए।
फिल्म में पूजा हेगड़े, बॉबी देओल और मामिता बैजू भी शामिल हैं।