'करप्पु' को मिल रहा प्यार देख गदगद विजय देवरकोंडा, सूर्या की तारीफ कर कह दी यह बात
अभिनेता सूर्या की नई फिल्म 'करप्पु' ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की है। पहले दिन फिल्म ने 17.93 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की। फिल्म को लेकर जबरदस्त दीवानगी थी, जिसे देख अभिनेता विजय देवरकोंडा भी खुद को रोक नहीं पाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर आकर सूर्या को बधाई दी। देवरकोंडा ने लिखा, 'करप्पु' को मिल रहा 'बेहिसाब प्यार' देखकर उन्हें बहुत खुशी हुई।' उन्होंने मजाकिया लहजे में सूर्या को अब एक अच्छी छुट्टी लेने की सलाह भी दे डाली।
उत्तर भारत में 'करप्पु' ने किया पाइरेसी का सामना
फिल्म में तृषा कृष्णन, आरजे बालाजी, इंद्रंस, नट्टी सुब्रमण्यम और योगी बाबू जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। रिलीज से पहले 'करप्पु' को उत्तर भारत में पाइरेसी का शिकार होना पड़ा, जब इसे अवैध रूप से ऑनलाइन लीक कर दिया गया। हालांकि, कमल हासन और धनुष जैसे बड़े सितारों ने इस मुश्किल घड़ी में फिल्म टीम का समर्थन किया और पाइरेसी के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। इस झटके के बावजूद फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से शानदार प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं और बॉक्स ऑफिस पर इसने शानदार प्रदर्शन किया है।