
विजय देवरकोंडा पर एक और मामला दर्ज, आदिवासी समुदाय पर विवादित बयान देकर बुरे फंसे अभिनेता
क्या है खबर?
साउथ सिनेमा के सुपरस्टार विजय देवरकोंडा विवादों में आ गए हैं। उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज हुई है। माला आदिवासी समुदाय को लेकर की गई उनकी टिप्पणी से जुड़ा है। दरअसल, 2 महीने पहले विजय भी अभिनेता सूर्या की फिल्म 'रेट्रो' के प्रचार में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने आदिवासी समुदाय को लेकर कुछ बोल दिया, जिसको लेकर सारा बखेड़ा खड़ा हुआ है। ऐसा क्या बोले थे विजय, आइए जानते हैं।
शिकायत
आदिवासी समुदाय में बढ़ा आक्रोश
विजय के खिलाफ कथित तौर पर आदिवासी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में SC/ST एक्ट के तहत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई है। आदिवासी समुदायों की संयुक्त कार्रवाई समिति के राज्य अध्यक्ष नेनावथ अशोक कुमार नाइक की तरफ से ये मामला दर्ज कराया गया है। उनके दावे के मुताबिक, 'रेट्रो' के प्रमोशन के दौरान विजय ने आदिवासी समुदाय का अपमान करते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
विवाद
विजय के इस बयान पर मचा बवाल
विजय ने प्रचार के दौरान पहलगाम पर हुए आतंकी हमले पर अपने विचार रख कहा था, "भारत को पाकिस्तान पर हमला करने की जरूरत नहीं है। उनके लोग थक जाएंगे और अपनी ही सरकार के खिलाफ जाएंगे। वैसे ही जैसे 500 साल पहले जनजातीय कबीले बिना सोचे-समझे लड़े थे। आज के लोग भी बिना सोचे-समझे लड़ रहे हैं।" विजय का यह बयान आदिवासी नेताओं को खटका और उन्होंने आरोप लगाया कि अभिनेता ने आदिवासियों की तुलना आतंकवादियों से की है।
मामला
विजय पर दूसरी बार दर्ज हुआ ये मामला
जनजातीय नेता अशोक कुमार राठौड़ ने विजय के खिलाफ रायदुर्गम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। इसी पर आगे की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने SC/ST अत्याचार अधिनियम के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में विजय के खिलाफ यह दूसरा केस दर्ज हुआ है। इससे पहले संजीवा रेड्डी नगर पुलिस थाने में भी FIR दर्ज हुई थी। हालांकि, विजय ने विवाद बढ़ने पर सफाई दी और अपने बयान पर माफी भी मांगी थी।
स्पष्टीकरण
माफीनामा में लिखी थी ये बात
विजय ने सोशल मीडिया पर किए गए अपने एक पोस्ट में लिखा था कि उन्होंने जनजाति शब्द का इस्तेमाल जरूर किया था, लेकिन उनका मतलब उन पुराने कबीलों से था, जो अक्सर आपस में लड़ते थे। विजय ने अपने बयान में कहा था, "मेरा मतलब आज की अनुसूचित जनजातियों से नहीं था। फिर भी अगर किसी को ठेस पहुंची है तो मैं माफी मांगता हूं।' हालांकि, विजय ने बाद में अपना ये पोस्ट डिलीट कर दिया था।
जानकारी
विजय की आने वाली फिल्म
काम के मोर्चे पर बात करें तो विजय जल्द ही फिल्म 'किंगडम' में नजर आएंगे। आजकल वह इस फिल्म का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। यह फिल्म 4 जुलाई को रिलीज हो रही है। इसमें भाग्यश्री बोरसे और सत्यदेव भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं।