LOADING...
विक्की कौशल खुद को नहीं मानते स्टार, बोले- आज का स्टारडम फास्ट फूड की तरह 
विक्की कौशल खुद को क्यों नहीं मानते स्टार? (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@ vickykaushal09)

विक्की कौशल खुद को नहीं मानते स्टार, बोले- आज का स्टारडम फास्ट फूड की तरह 

लेखन मेघा
Jul 30, 2023
01:32 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड अभिनेता विक्की कौशल अपने शानदार अभिनय के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में अभिनेता सारा अली खान के साथ 'जरा हटके जरा बचके' में नजर आए थे तो अब वह अपनी आगामी फिल्मों की तैयारी में जुटे हुए हैं। इस सबके बीच विक्की का कहना है कि वह अभी भी खुद को किसी स्टार की तरह नहीं समझते हैं। उन्हें लगता है कि आज का स्टारडम फास्ट फूड की तरह है, जिसमें वह थोड़ा भी विश्वास नहीं करते।

विस्तार

सलमान, शाहरुख और ऋतिक को बताया असली स्टार

स्पाइसजेट लाइमलाइट के साथ बातचीत के दौरान विक्की ने बताया कि वह स्टारडम का पीछा नहीं कर रहे हैं। उनका मानना है कि आज का समय ऐसा है कि कोई भी व्यक्ति तभी तक स्टार है जब तक वह खबरों में आ रहा है या सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है। विक्की का कहना है कि एक असली स्टार का स्टारडम शाहरुख खान, सलमान खान और ऋतिक की तरह होना चाहिए, जो वर्षों तक चले।

बयान

ऋतिक को लेकर कही यह बात

विक्की ने अपनी फिल्मों को सफलता मिलने के बाद भी खुद को स्टार न मानते हुए कहा कि वास्तव में उनके लिए 'कहो ना प्यार है' के ऋतिक रोशन ही सही मायने में एक स्टार हैं। उन्होंने कहा, "ऋतिक को अपने प्रशंसकों से जो प्रशंसा मिली वह अविश्वसनीय थी। मैं उनसे मिलना चाहता था। मेरे पिता के फिल्म का तकनीशियन होने के बावजूद, जिन्होंने ऋतिक के साथ काम किया है, मैं उनसे केवल एक बार ही मिल सका था।"

Advertisement

बयान

पहले दशकों की मेहनत के बाद मिलता था स्टारडम

विक्की ने कहा, "पहले बॉलीवुड में दशकों की मेहनत के बाद किसी को स्टारडम मिलता था और वो शोहरत जिंदगी भर के लिए उनकी हो जाती थी। आज स्टारडम इंस्टेंट कॉफी की तरह आसानी से मिल सकता है। यह फास्ट फूड जैसा है।" उन्होंने कहा, "आज तो आप फॉलोअर्स, प्रशंसक, टिक और सत्यापन भी खरीद सकते हैं। मैं अपने दर्शकों से मिले प्यार के लिए आभारी हूं, लेकिन मैं एक स्टार की तरह महसूस नहीं करता हूं।"

Advertisement

वर्कफ्रंट

विक्की की आगामी फिल्में

विक्की अब जल्द 1971 के युद्ध के नायक सैम मानेकशॉ पर बन रही फिल्म 'सैम बहादुर' में नजर आएंगे। मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में विक्की के साथ सान्या मल्होत्रा और फातिमा सना शेख भी नजर आने वाली हैं। इसके अलावा विक्की लक्ष्मण उतेकर के साथ 'छावा' का भी हिस्सा हैं। वह शाहरुख खान और तापसी पन्नू के साथ 'डंकी' में भी दिखाई देंगे। ये दोनों ही फिल्में दिसंबर में सिनेमाघरों में दस्तक देंगी।

Advertisement