विक्की कौशल ने पिता बनते ही क्यों किए बदलाव? खुद दिया जवाब
क्या है खबर?
विक्की कौशल और कैटरीना कैफ नवंबर 2025 में माता-पिता बने थे। तब से विक्की कई बार पिता बनने के अनुभव के बारे में बात कर चुके हैं। वहीं हाल ही में हुई एक बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि माता-पिता बनने से वे कैसे बदले। इसके साथ ही उन्होंने अपने बेटे के साथ बिताए छोटे-छोटे पलों के बारे में बात की और यह भी बताया कि अब वे अपने व्यवहार को लेकर ज्यादा जागरूक क्यों रहते हैं।
खुशी
विक्की को होती है इस चीज की खुशी
विक्की ने कहा, "अपनी पत्नी की खुशी और अपने बच्चे की खिलखिलाहट देखना और खुद उस पल का हिस्सा होना, बस ऐसा लगता है कि काश इस पल को रोक पाते, ताकि इसे और ज्यादा जी पाते, यह सच में अद्भुत है और मुझे लगता है कि यह आपको एक इंसान के तौर पर बहुत संवेदनशील बनाता है। साथ ही, यह आपको बहुत जिम्मेदार भी बनाता है, क्योंकि अब आपको वही करना होता है, जो आप दूसरों को सिखाते हैं।"
अनुभव
विक्की ने साझा किया पिता बनने का अनुभव
विक्की ने पिता बनने के अनुभव को जादुई बताते हुए कहा कि इस एहसास को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने आगे कहा, "आप यह नहीं बता सकते कि असल में क्या और कैसे बदला है, लेकिन मैं इतना जरूर कह सकता हूं कि यह एक बहुत ही जादुई अनुभव और एहसास है। मुझे नहीं लगता कि इसे पूरी तरह से शब्दों में समझाया जा सकता है कि आप असल में कैसा महसूस करते हैं।"
संतुष्ट
विक्की हैं इस चीज से संतुष्ट
विक्की कहते हैं, "हर दिन, हर छोटा पल, जब आपका बच्चा खिलखिलाता है, उसका पहली बार रोना, उसके नए हाव-भाव और इशारे, यह सब देखना और महसूस करना वाकई अद्भुत है। लोग कहते हैं कि इंसान कभी पूरी तरह संतुष्ट नहीं होता, लेकिन मुझे लगता है कि पिछले 10 महीनों में मैंने ऐसे कई पल जिए हैं, जब मुझे लगा कि बस यही सब कुछ है। मुझे और कुछ नहीं चाहिए और मैंने सच में ऐसा महसूस किया है।"
बदलाव
पिता बनने के बाद विक्की में आए ये बदलाव
विक्की ने यह भी माना कि पिता बनने के बाद उनका नजरिया बदल गया है।
विक्की आगे कहते हैं, "आपका बच्चा सबसे पहले अनजाने में वही सीखता है, जो वह घर में देखता है और वह उन सभी चीजों को अपनाता है, इसलिए मैंने पिछले 10 महीनों में खुद पर जितना ध्यान दिया है, उतना पहले कभी नहीं दिया। आपको ऐसा बनना होगा कि आपका बच्चा आपसे कुछ सीख सके। यही मेरी सबसे बड़ी सीख रही है।"