ऑस्कर विजेता अभिनेत्री ईवा मैरी सेंट का निधन, 102 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
क्या है खबर?
हाॅलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री ईवा मैरी सेंट अब इस दुनिया में नहीं रहीं। उनकी उम्र 102 साल थी। खबरों के अनुसार, उन्होंने मंगलवार को लॉस एंजिल्स स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली। इस खबर की पुष्टि उनके परिवार के प्रतिनिधि जेफ सैंडरसन द्वारा की गई है। इस दुखद खबर के आते ही सिनेमा जगत में शोक के बादल छा गए हैं। अभिनेत्री के सह-कलाकार और फैंस उन्हें सोशल मीडिया के जरिए भावुक श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
पुष्टि
102 साल की उम्र में ईवा ने कहा दुनिया को अलविदा
एक आधिकारिक बयान में, जेफ ने पुष्टि करते हुए बताया कि ईवा ने 102 साल की उम्र में अपनी अंतिम सांस ली। उनका निधन स्वाभाविक रूप से हुआ, उस समय उनके परिवार और प्रियजन उनके आसपास मौजूद थे।
अभिनेत्री के अंतिम संस्कार को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
बता दें, ईवा के 2 बच्चे हैं और उनके पति का नाम जेफरी हेडन था, जिनका 2016 में निधन हो गया था।
करियर
ईवा की फिल्मी विरासत पर एक नजर
ईवा ने हॉलीवुड के इतिहास में शानदार डेब्यू किया। उनकी पहली फिल्म 'ऑन द वॉटरफ्रंट' थी और इसी के लिए उन्हें 27वें अकादमी पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का ऑस्कर पुरस्कार मिला था।
इसके बाद उन्हें 'नॉर्थ बाय नॉर्थवेस्ट', 'एक्सोडस' और 'ए हैटफुल ऑफ रेन' जैसी फिल्मों में देखा गया।
चुनिंदा फिल्में करने के बाद, ईवा ने 1970 में टीवी का रुख किया और 1980 में हिट सिटकॉम 'मूनलाइटिंग' और कॉमेडी फिल्म 'नथिंग इन कॉमन' से लोकप्रियता हासिल की थी।