Page Loader
दिग्गज अभिनेता सरथ बाबू का निधन, 71 की उम्र में ली आखिरी सांस
जाने-माने अभिनेता सरथ बाबू का निधन (तस्वीर: टि्वटर/@SarathBabu)

दिग्गज अभिनेता सरथ बाबू का निधन, 71 की उम्र में ली आखिरी सांस

May 22, 2023
04:16 pm

क्या है खबर?

दक्षिण भारतीय सिनेमा के जाने-माने अभिनेता सरथ बाबू का निधन हो गया है। पिछले महीने उनके निधन की अफवाह सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी, जिसके बाद उनके परिवारवालों ने बयान देकर उन खबरों का खंडन किया था। 71 वर्षीय सरथ को पिछले महीने हैदराबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह वेंटिलेटर पर थे। उनका मल्टी ऑर्गन डैमेज का इलाज चल रहा था। अस्पताल की तरफ से बयान जारी कर इस खबर की पुष्टि की गई है।

पुष्टि

शरीर के अंगों ने बंद कर दिया था काम

हैदराबाद के AIG अस्पताल में इलाज के दौरान अभिनेता का निधन हो गया। अस्पताल ने बयान में कहा कि सरथ के शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की गई, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरथ को सबसे पहले पिछले महीने तबीयत खराब होने पर बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें हैदराबाद रेफर कर दिया गया था।

शोक

श्रीधर पिल्लई ने दी श्रद्धांजलि

साउथ सिनेमा में गम का माहोल पसरा हुआ है। इस खबर से हर किसी को धक्का लगा है और कोई इस बात पर विश्वास नहीं कर पा रहा है। एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री ट्रैकर श्रीधर पिल्लई ने ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, 'बहुमुखी प्रतिभा के धनी दिग्गज अभिनेता सरथ बाबू (71) का निधन हो गया है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।' सोशल मीडिया पर प्रशंसक और साउथ इंडस्ट्री से जुड़ी हस्तियां उनके निधन पर शोक जता रही हैं।

ट्विटर पोस्ट

नहीं रहे सरथ बाबू

ट्विटर पोस्ट

सन पिक्चर्स का पोस्ट

अफवाहें

सरथ के निधन की अफवाहों पर क्या बोली थीं बहन?

पिछले महीने जब सरथ के निधन की अफवाह फैली थी तो उनकी बहन ने उनकी सेहत से जुड़ी जानकारी दी थी। उन्होंने कहा, "सरथ बाबू के बारे में सोशल मीडिया पर गलत खबरें आ रही हैं। वह थोड़ा ठीक हैं और उन्हें कमरे में शिफ्ट कर दिया गया है। उम्मीद है कि सरथ पूरी तरह से ठीक हो जाएंगे और जल्द ही मीडिया से मुखातिब होंगे। मेरा अनुरोध है कि सोशल मीडिया पर किसी भी खबर पर विश्वास न करें।"

उपलब्धि

सरथ ने अपने उम्दा अभिनय के लिए जीते कई पुरस्कार

सरथ का असली नाम सत्यम बाबू दीक्षितुलु है। उन्होंने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत 1973 में एक तेलुगु फिल्म से की थी। वह मेनली तेलुगु और तमिल फिल्मों में अपने काम के लिए जाने जाते हैं। सरथ ने कुछ कन्नड़, मलयालम और हिंदी फिल्मों में भी काम किया। उन्हें सहायक भूमिका में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के लिए 8 बार नंदी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वह अपने शानदार अभिनय के लिए साउथ में ही नहीं, बल्कि देशभर में मशहूर थे।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

आंध्र प्रदेश के अमदलावलसा में जन्मे सरथ को पिछली बार तमिल फिल्म 'वसंत मुलई' में देखा गया। अपने करियर में 300 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके सरथ की अगली फिल्म 'मल्ली पेल्ली' है, जो 26 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।