LOADING...
उर्मिला मातोंडकर को नहीं करना था 'छम्मा छम्मा', बोलीं- आइटम नंबर के बिल्कुल खिलाफ थी मैं
उर्मिला मातोंडकर ने खोला 'छम्मा छम्मा' का राज

उर्मिला मातोंडकर को नहीं करना था 'छम्मा छम्मा', बोलीं- आइटम नंबर के बिल्कुल खिलाफ थी मैं

Jun 26, 2026
04:03 pm

क्या है खबर?

अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने फिल्म 'चाइना गेट' के अपने ब्लॉकबस्टर गाने 'छम्मा छम्मा' को लेकर सालों बाद एक खुलासा किया है। इस सुपरहिट गाने पर चुप्पी तोड़ते हुए उर्मिला ने बताया कि वो शुरुआत में इस गाने को करने के बिल्कुल खिलाफ थीं, क्योंकि वो करियर के उस दौर में कोई 'आइटम नंबर' नहीं करना चाहती थीं। आइए जानते हैं कि आखिर फिर ऐसा क्या हुआ कि उन्होंने इस गाने के लिए हामी भर दी।

खुलासा

'आइटम नंबर' करने से हिचकिचा रही थीं उर्मिला

उर्मिला हाल ही में डांस रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5' के एक एपिसोड में बतौर स्पेशल गेस्ट शामिल हुईं, उन्होंने फिल्म 'चाइना गेट' के इस लोकप्रिय गाने पर बात की। उन्होंने कहा, "मुझसे कहा गया कि फिल्म 'चाइना गेट' के महान निर्देशक राजकुमार संतोषी जी चाहते हैं कि आप इस फिल्म में एक आइटम सॉन्ग करें तो मैं इसके बिल्कुल पक्ष में नहीं थी, क्योंकि उस दौर में आइटम गानों को बहुत गलत तरीके से देखा जाता था।"

शूटिंग

12 दिन का काम सिर्फ 3 दिन में खत्म

उर्मिला ने बताया, "संतोषी ने मुझसे एक बात कही कि उर्मिला, बरसों पहले एक गाना आया था और आज भी जब लोग डांस या कोरियोग्राफी की बात करते हैं तो वही एक गाना इंसान की आंखों के सामने आता है। मुझे उस गाने से भी बेहतर गाना बनाना है। मैंने गणेश आचार्य से पूछा कि गाने की शूटिंग कितने दिन चलेगी? उन्होंने कहा कि प्लान 12 दिन का था, लेकिन हमने वो गाना सिर्फ 3 दिन में पूरा कर दिया।"

Advertisement

तारीफ

करिश्मा कपूर भी हो गई थीं उर्मिला की दीवानी

करिश्मा कपूर 'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5' में बतौर जज नजर आ रही हैं। उन्होंने गाना रिलीज होने के समय के इसके प्रभाव को याद किया। वो बालीं, "उस दौर में हम सब इस गाने और उर्मिला के डांस के दीवाने हो गए थे। मुझे याद है कि जब ये गाना रिलीज हुआ था तो मैंने गणेश की तारीफ की थी और उनसे कहा था कि क्या गाना है, कमाल है और उर्मिला ने इसमें बेहद शानदार काम किया है।"

Advertisement

लोकप्रियता

हॉलीवुड पहुंचा था 'छम्मा छम्मा'

साल 1998 में आई फिल्म 'चाइना गेट' बॉक्स ऑफिस पर भले ही उम्मीद के मुताबिक कमाल न कर पाई हो, लेकिन इस फिल्म का एक गाना 'छम्मा छम्मा' आज भी बॉलीवुड के सबसे कालजयी गानों में गिना जाता है। 'छम्मा छम्मा' की लोकप्रियंता सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रही। यह बॉलीवुड के उन चुनिंदा गानों में शामिल है, जिन्हें दुनियाभर में पहचान मिली। साल 2001 में आई हॉलीवुड फिल्म 'मौलिन रूज' में भी इस गाने का इस्तेमाल किया गया था।

Advertisement