'भूत बंगला' से 'मामला लीगल है 2' तक, अप्रैल में मनोरंजन का पिटारा लाएंगी ये फिल्में-सीरीज
क्या है खबर?
भारतीय सिनेमाघरों में इस वक्त फिल्म 'धुरंधर 2' का जादू चल रहा है। रणवीर सिंह अभिनीत यह फिल्म 19 मार्च को रिलीज हुई थी और तब से दर्शकों को अपनी ओर खींच रही है। हालांकि अप्रैल, 2026 का महीना भी मनोरंजन से कम भरपूर नहीं होने वाला है। सिनेमाघरों से लेकर डिजिटल दुनिया तक, कई बहुप्रतीक्षित फिल्में और वेब सीरीज रिलीज की कतार में लगी हुई हैं। चलिए आने वाली इन फिल्मों और सीरीज पर एक नजर डालते हैं।
#1 & #2
'डकैत' और 'भूत बंगला'
मृणाल ठाकुर और अदिवी शेष की फिल्म 'डकैत: एक प्रेम कथा' 10 अप्रैल को सिनेमाघरों का रुख करने के लिए तैयार है। पहले इसे 19 मार्च को रिलीज किया जाना था, लेकिन 'धुरंधर 2' के साथ टकराव से बचने के लिए इसे आगे बढ़ाया गया था। 17 अप्रैल को अक्षय कुमार की हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' सिनेमाघरों का दरवाजा खटखटाएगी। इस फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है। इसमें वामिका गब्बी, तब्बू, राजपाल यादव और परेश रावल भी हैं।
#3 & #4
'मामला लीगल है सीजन 2' और 'मटका किंग'
रवि किशन की चर्चित सीरीज 'मामला लीगल है सीजन' अपने दूसरे सीजन के साथ 3 अप्रैल को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। पोशम पा पिक्चर्स द्वारा निर्मित और समीर सक्सेना द्वारा निर्देशित सीरीज के नए सीजन में कुशा कपिला और दिनेश लाल यादव भी शामिल हो गए हैं। अमेजन प्राइम वीडियो पर विजय वर्मा की फिल्म 'मटका किंग' आने के लिए तैयार है। इसका प्रीमियर 17 अप्रैल को किया जाएगा। इसकी कहानी 60 के दशक के सट्टा बाजार पर आधारित होगी।
#5, #6 & #7
'पैट्रियट', 'गिन्नी वेड्स सनी 2' और 'पेड्डी'
सुपरस्टार मोहनलाल और ममूटी की फिल्म 'पैट्रियट' 23 अप्रैल को सिनेमाघरों का रुख करेगी। यह एक हाई-ऑक्टेन जासूसी थ्रिलर है जिसका निर्दशन महेश नारायणन ने किया है। अविनाश तिवारी और मेधा शंकर की फिल्म 'गिन्नी वेड्स सनी 2' 24 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह 2020 में आई यामी गौतम अभिनीत इसी नाम की फिल्म का सीक्वल है। राम चरण और जाह्नवी कपूर की फिल्म 'पेड्डी' भी कतार में हैं। यह 30 अप्रैल को सिनेमाघरों में आ सकती है।