सुकेश चंद्रशेखर केस में जैकलीन फर्नांडिस का बड़ा दांव, 'सरकारी गवाह' बनकर खोलेंगी महाठग के राज?
क्या है खबर?
ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में एक बहुत बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस ने दिल्ली की एक अदालत में अर्जी दाखिल कर इस मामले में 'सरकारी गवाह' बनने की अनुमति मांगी है। जैकलीन, जो अब तक इस मामले में एक आरोपी के रूप में जांच का सामना कर रही थीं, अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) के पक्ष में गवाही देने को तैयार हैं।
इजाजत
जैकलीन ने मांगी 'सरकारी गवाह' बनने की इजाजत
महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में एक बड़ा मोड़ सामने आया है। जैकलीन फर्नांडीज ने हाल ही में दिल्ली की एक अदालत में इच्छा जताई है कि वह इस मामले में 'सरकारी गवाह' बनना चाहती हैं। इस पर अदालत ने उन्हें स्पष्ट किया कि इसके लिए उन्हें प्रवर्तन निदेशालय (ED) के पास एक औपचारिक अनुरोध भेजना होगा। अगर जैकलीन की ये मांग स्वीकार कर ली जाती है तो उन्हें इस मामले में राहत मिल सकती है।
दांव
कानूनी मुश्किलों के बीच जैकलीन का नया दांव
प्रक्रिया के अनुसार, जैकलीन को ऐसा अनुरोध जांच एजेंसी ED से करना होगा। इसके बाद एजेंसी उनका बयान दर्ज कर तय करेगी कि उन्हें 'सरकारी गवाह' बनाने के लिए अदालत में आवेदन दिया जाए या नहीं। यह घटनाक्रम तब सामने आया है, जब कुछ महीने पहले सुप्रीम कोर्ट ने उनके खिलाफ आपराधिक कार्यवाही रद्द करने से इनकार कर दिया था। राहत न मिलने के बाद अब अभिनेत्री ने गवाह बनकर अपनी मुश्किलें कम करने का रास्ता चुना है।
दावे
सुकेश के दावों पर जैकलीन की दो टूक
महाठग सुकेश चंद्रशेखर, जो फिलहाल जेल में है, लगातार जैकलीन के साथ अपने संबंधों के एकतरफा दावे करता रहा है। सुकेश ने कई बार मीडिया और अदालत में खुद को जैकलीन का बॉयफ्रेंड बताया। हालांकि, जैकलीन ने हमेशा इन दावों का खंडन किया है। उन्होंने कोर्ट में शिकायत भी की थी कि सुकेश उन्हें परेशान कर रहा है और उसके द्वारा भेजे जा रहे पत्र उनकी मानसिक शांति भंग कर रहे हैं।
गुमराह
सुकेश चंद्रशेखर ने पहचान छिपाकर किया गुमराह?
भले ही कुछ तस्वीरों से सुकेश चंद्रशेखर और जैकलीन फर्नांडिस के बीच जान-पहचान के संकेत मिले हों, लेकिन जैकलीन ने कोर्ट में कहा कि वह उसकी सच्चाई से अनजान थीं। उनका दावा है कि सुकेश ने पहचान छिपाकर खुद को एक प्रतिष्ठित व्यवसायी बताया। पिछले साल सितंबर में जैकलीन ने दिल्ली हाई कोर्ट के उस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, जिसमें उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग की कार्यवाही रद्द करने से इनकार किया गया था।