LOADING...
जन्मदिन विशेष: ट्विंकल खन्ना के वो पांच किरदार, जो खूब पसंद किए गए
ट्विंकल खन्ना के वो पांच किरदार, जो खूब पसंद किए गए

जन्मदिन विशेष: ट्विंकल खन्ना के वो पांच किरदार, जो खूब पसंद किए गए

Dec 29, 2022
07:14 am

क्या है खबर?

ट्विंकल खन्ना ने अब भले ही अभिनय जगत से दूरी बना ली हो, लेकिन एक समय वह फिल्मी दुनिया में सक्रिय थीं। अपनी पहली ही फिल्म से दर्शकों का दिल जीतने वालीं ट्विंकल ने अपने छोटे से एक्टिंग करियर में कई शानदार किरदार निभाए। आज यानी 29 दिसंबर को ट्विंकल अपना 48वां जन्मदिन मना रही हैं। आइए इस खास मौके पर उनके पांच यादगार किरदारों के बारे में आपको बताते हैं, जिनके जरिए ट्विंकल ने अपनी अलग छाप छोड़ी।

#1

बरसात

अगर आपने 1995 में आई फिल्म 'बरसात' देखी होगी तो इसमें ट्विंकल का किरदार तो आपको याद ही होगा। फिल्म के निर्देशक राजकुमार संतोषी थे। ना सिर्फ इसकी कहानी दर्शकों को पसंद आई, बल्कि इसमें कलाकारों के अभिनय ने भी दर्शकों का दिल जीत लिया। फिल्म में ट्विंकल अभिनेता बॉबी देओल के साथ इश्क फरमाती दिखी थीं। फिल्म में ट्विंकल के किरदार टीन ओबेरॉय पर दर्शकों ने जमकर प्यार लुटाया था। इस फिल्म को आप ZEE5 पर देख सकते हैं।

#2

मेला

इस फिल्म में ट्विंकल के किरदार रूपा सिंह को आज भी याद किया जाता है। इसमें उनके साथ आमिर खान दिखे थे। फिल्म में आमिर खान के साथ उनकी रोमांटिक केमिस्ट्री को बेहद पसंद किया गया था। इस फिल्म में ट्विंकल को अपना अभिनय कौशल दिखाने का पूरा मौका मिला था। उन्होंने भी मौके का पूरा फायदा उठाया और दर्शकों से खूब वाहवाही बटोरी। इसमें ट्विंकल की अदाकारी के अलग-अलग रंग देखने को मिले। फिल्म MX प्लेयर पर मौजूद है।

Advertisement

#3

जान

इस फिल्म के निर्देशक राज कंवर थे। इसमें ट्विंकल के साथ अमरीश पुरी और अजय देवगन नजर आए थे। 1997 में रिलीज हुई ट्विंकल की यह फिल्म भी हिट थी। फिल्म में ट्विंकल ने काजल नाम की एक लड़की की भूमिका निभाई थी, जो अजय के प्यार में पड़ जाती है। ट्विंकल को देख फिल्म समीक्षकों ने कहा था कि वह पर्दे पर एक अनुभवी अभिनेत्री की तरह लगती हैं। आप अमेजन प्राइम वीडियो पर यह फिल्म देख सकते हैं।

Advertisement

#4

इंटरनेशनल खिलाड़ी

ट्विंकल पहली बार अक्षय कुमार के साथ इसी फिल्म में नजर आई थीं। 1999 में आई इस फिल्म में उन्होंने पायल का किरदार निभाया था। फिल्म में कहीं वह बदले की आग में झुलसती दिखीं तो कहीं प्यार की गिरफ्त में पड़ती नजर आईं। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी। यह फिल्म ट्विंकल के करियर की सबसे खास फिल्मों में शुमार है, क्योंकि इसके बाद उन्हें अक्षय के रूप में अपना जीवनसाथी मिला। यह फिल्म वूट पर है।

#5

बादशाह

इससे पहले रोमांटिक किरदार निभाती रहीं ट्विंकल का इस फिल्म में एक अलग ही रूप देखने को मिला। उनके भोले-भाले और साथ ही खतरनाक अंदाज ने दर्शकों को उनका दीवाना बना दिया। फिल्म में ट्विंकल ने सीमा मल्होत्रा का किरदार निभाया था। वह इसमें शाहरुख खान की जोड़ीदार बनी थीं। 'बादशाह' की गिनती ट्विंकल की बेहतरीन फिल्मों में होती है। इसके बाद उनकी लोकप्रियता में काफी इजाफा हुआ था। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर देखी जा सकती है।

जानकारी

अब कलम से भी अपना लोहा मनवा रहीं ट्विंकल

कैमरे के बाद अब ट्विंकल अपनी कलम से प्रशंसकों का दिल जीत रही हैं। वह एक अच्छी लेखिका भी हैं। उनकी लिखी किताबें 'मिसेज फनीबोन्स' और 'द लीजेंड ऑफ लक्ष्मी प्रसाद' खूब बिकीं। 'मिसेज फनीबोन्स' के लिए तो उन्हें क्रॉसवर्ड बुक अवॉर्ड भी मिला था।

Advertisement