तुषार कपूर को आया 5 करोड़ की धमकी भरा कॉल, जांच में जुटी मुंबई क्राइम ब्रांच
क्या है खबर?
बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को कथित तौर पर धमकी भरा फोन आया है। कॉल करने वाले शख्स ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य 'हैरी बॉक्सर' बताया और 5 करोड़ रुपये की मांग की। न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, तुषार ने इस मामले की जानकारी मुंबई पुलिस को दी। इसके बाद जांच एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंपी गई। फिर क्राइम ब्रांच की टेक्निकल टीम ने कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच की।
मामला
क्या खौफ पैदा करने के लिए किया गया था तुषार को फोन?
क्राइम ब्रांच ने कॉल पर आई आवाज का मिलान हैरी बॉक्सर के आधिकारिक ऑडियो सैंपल से किया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आवाजों में समानता नहीं मिली।
इस वजह से शुरुआती जांच में कॉल के फर्जी होने की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि फोन करने वाले ने तुषार को डराने और उनसे पैसे वसूलने के लिए लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम और उसके खौफ का इस्तेमाल किया।
करियर
तुषार ने कब किया था डेब्यू?
तुषार कपूर ने साल 2001 में फिल्म 'मुझे कुछ कहना है' से हिंदी सिनेमा में कदम रखा था। इसके बाद वह 'क्या दिल ने कहा', 'जीना सिर्फ मेरे लिए' और 'ये दिल' जैसी फिल्मों में नजर आए।
हालांकि, उन्हें असली लोकप्रियता कॉमेडी फिल्मों से मिली। 'क्या कूल हैं हम' के अलावा 'गोलमाल', 'गोलमाल रिटर्न्स' और 'गोलमाल 3' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया।