'टॉक्सिक' से मालामाल होने के लिए यश ने चला ये दांव, होगा जबरदस्त मुनाफा
क्या है खबर?
कन्नड़ सुपरस्टार यश अपनी आगामी फिल्म 'टॉक्सिक' के लिए जबरदस्त सुर्खियों में छाए हुए हैं। 'KGF 2' जैसी सुपरहिट फिल्म देने के बाद उनके फैंस भी उनकी दमदार वापसी के इंतजार में पलकें बिछाकर बैठे हैं। खैर फिल्म तो 19 मार्च, 2026 को सिनेमाघरों का रुख करने के लिए उतर रही है। इस बीच, पता चला है कि यश ने एक तगड़ा दांव चला है जो अब फिल्म जगत में चर्चा का विषय बन गया है।
समझौता
यश और निर्माताओं के बीच हुआ ये समझौता
सैकनिल्क के मुताबिक, यश ने फिल्म निर्माता KVN प्रोडक्शन के साथ एक शानदार समझौता किया है। खबरों की मानें तो, अभिनेता ने 'टॉक्सिक' के लिए कथित ताैर पर 50 करोड़ रुपये की एकमुश्त फीस ली है। वहीं निर्माताओं द्वारा शुरुआती निवेश वसूलने के बाद, यश को शुद्ध मुनाफे का 60% हिस्सा मिलेगा। उधर फिल्म के डिजिटल, सैटेलाइट और संगीत अधिकारों की मांग को देखते हुए, व्यापार विश्लेषकों का मानना है कि अभिनेता संभावित 150 करोड़ से ज्यादा कमा सकते हैं।
सुरक्षित दांव
निर्माताओं के लिए सुरक्षित दांव होगी 'टॉक्सिक'
'टॉक्सिक' का कथित बजट 300 से 600 करोड़ के बीच होने के बावजूद, अपने निर्माताओं के लिए सुरक्षित दांव साबित हो रही है। यश को 'KGF' फ्रैंचाइजी से मिली लोकप्रियता को देखते हुए माना जा रहा है कि फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज से पहले लाभ कमाना शुरू कर देगी। बरहाल, गीतु मोहनदा द्वारा निर्देशित फिल्म में कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया और हुमा कुरैशी समेत कई सितारे हैं। बॉक्स ऑफिस पर इसकी भिड़त रणवीर सिंह अभिनीत 'धुरंधर 2' से होगी।