बॉक्स ऑफिस: चौथे दिन और घटी 'टॉक्सिक' की रफ्तार, जाने 4 दिनों का कुल कारोबार
क्या है खबर?
साउथ के सुपरस्टार यश की बहुचर्चित एक्शन-ड्रामा फिल्म 'टॉक्सिक: अ फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' को दर्शकों और समीक्षकों से मिला-जुली प्रतिक्रिया मिली है। हालांकि, बंपर एडवांस बुकिंग के बल पर फिल्म ने पहले दिन तो शानदार शुरुआत की, लेकिन इसके बाद बॉक्स ऑफिस कमाई में लगातार गिरावट दर्ज की गई। तीसरे दिन के बाद चौथे दिन (शनिवार) भी वीकेंड का कोई खास फायदा फिल्म को नहीं मिला। आइए जानें रिलीज के 4 दिनों में फिल्म की कुल कमाई कितनी है।
कमाई
दूसरे और तीसरे दिन के बाद चौथे दिन भी गिरावट
बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, यश की 'टॉक्सिक' ने चौथे दिन देशभर के 17,612 शो से लगभग 24.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। पहले दिन 101.10 करोड़ रुपये की धमाकेदार शुरुआत के बाद दूसरे दिन फिल्म महज 37.65 करोड़ रुपये कमा सकी।
तीसरे दिन कमाई घटकर 27.20 करोड़ रुपये रह गई और चौथे दिन भी फिल्म के कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। 4 दिनों में फिल्म की भारत में कुल कमाई 190.45 करोड़ तक पहुंच गई है।
कहानी
'टॉक्सिक' की उलझी कहानी से निराश हुए दर्शक
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी फिल्म 'टॉक्सिक' में सुपरस्टार यश दोहरी भूमिका में नजर आए हैं।
फिल्म में कियारा आडवाणी, नयनतारा, रुक्मिणी वसंत, तारा सुतारिया और हुमा कुरैशी जैसी बड़ी स्टारकास्ट शामिल है।
भारी भरकम स्टारकास्ट के बावजूद फिल्म को समीक्षकों और दर्शकों का दिल जीतने में नाकाम रही। कमजोर और उलझी हुई कहानी के कारण फिल्म फैंस को प्रभावित करने के बजाय उन्हें बोर करती दिखी।
हालांकि, यश के अभिनय और अंदाज की खूब तारीफ हुई।
आवारापन 2
'टॉक्सिक' के सामने डटी 'आवारापन 2'
दूसरी तरफ इमरान हाशमी और दिशा पाटनी अभिनीत 'आवारापन 2' ने अपने तीसरे शनिवार को बॉक्स ऑफिस पर अच्छी वापसी की है।
फिल्म ने पहले हफ्ते में 113.50 करोड़ का शानदार कारोबार किया था, वहीं, तीसरे शुक्रवार को 1.20 करोड़ जुटाने के बाद शनिवार को भी इसका कारोबार बढ़कर 1.25 करोड़ हो गया।
इस बढ़त के साथ 'आवारापन 2' की भारत में कुल कमाई अब 146.70 करोड़ तक पहुंच चुकी है और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर मजबूत बनी हुई है।