'टॉक्सिक' ने उठाया वीकेंड का फायदा, 5 दिनों में 200 करोड़ का आंकड़ा किया पार
क्या है खबर?
कन्नड़ सिनेमा के अभिनेता यश की फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' को वीकेंड का फायदा मिला है। इसने भारतीय बाॅक्स ऑफिस पर दोहरे आंकड़ों के साथ 200 करोड़ रुपये के क्लब में अपनी जगह बना ली है। गीतू मोहनदास द्वारा निर्देशित यह एक एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जिसे अपने हिंसक दृश्यों और महिलाओं के चित्रण के लिए लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद, फिल्म को वीकेंड पर दर्शकों की भीड़ बटोरने का अवसर मिला।
कमाई
'टॉक्सिक' का अब तक का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
सैकनिल्क के मुताबिक, 'टॉक्सिक' ने 5वें दिन (रविवार) 23 करोड़ रुपये कमाए हैं। यह कमाई 16,241 शो से हुई है, जिसके लिए ऑक्यूपेंसी 25.3 प्रतिशत दर्ज की गई।
इससे पहले, फिल्म ने चौथे दिन 25.15 करोड़, तीसरे दिन 27.20 करोड़, दूसरे दिन 37.65 करोड़ और पहले दिन 101.10 करोड़ रुपये का कमाए थे।
5 दिनों में 'टॉक्सिक' का कुल नेट कलेक्शन 214.10 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि वर्ल्डवाइड इसने 285.20 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई कर ली है।
प्रदर्शन
'KGF 2' के मुकाबले 'टॉक्सिक' का नहीं दिखा दम
यश की पिछली फिल्म 'KGF: चैप्टर 2' (2022) की बात करें, तो उसने शुरुआती 5 दिनों में 430.15 करोड़ रुपये का नेट कारोबार कर लिया था।
हालांकि, इसने थलापति विजय की 'जन नायकन' (198.22 करोड़) और सूर्या अभिनीत 'करुप्पु' (198.18 करोड़) के लाइफटाइम कलेक्शन को मात दे दी है।
'टॉक्सिक' का बजट लगभग 500 करोड़ रुपये है, जिसे वसूलने में इसे अपनी रफ्तार बनाए रखना होगा, क्योंकि इस हफ्ते अली फजल की 'मिर्जापुर: द मूवी' टक्कर देने आ रही है।