'टॉक्सिक' ने आते ही मचाई तबाही, आलोचनाओं के बावजूद कमाई 100 करोड़ के पार
क्या है खबर?
कन्नड़ सिनेमा के अभिनेता यश की फिल्म 'टॉक्सिक' ने आते ही बॉक्स ऑफिस पर तबाही मचा दी। गीतू मोहनदास द्वारा निर्देशित इस एक्शन-थ्रिलर ने पहले दिन 100 करोड़ रुपये के पार जाकर अपना खाता खोला और कई बड़ी फिल्मों को धूल चटा दी। दिलचस्प बात यह है कि फिल्म को पहले दिन समीक्षकों और दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली। अधिकतर ने नकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहानी, स्क्रीनप्ले और निर्देशन की आलोचना की। इसके बावजूद फिल्म ने शानदार कारोबार किया है।
कमाई
पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर दहाड़ी 'टॉक्सिक'
सैकनिल्क के मुताबिक, 'टॉक्सिक' ने पहले दिनी 101.10 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार किया है।
इसमें सबसे बड़ा योगदान हिंदी भाषा का है, जिससे 55 करोड़ रुपये आए। कन्नड़ में इसने 23.30 करोड़ रुपये कमाए। इसका तेलुगु कलेक्शन 16 करोड़, तमिल में 5.50 करोड़ और मलयालम में 1.30 करोड़ रुपये रहा है।
फिल्म ने पहले दिन 24,579 शो के साथ 120.75 करोड़ रुपये का ग्रॉस कारोबार किया है। वहीं विश्व स्तर पर इसने पहले दिन 140.75 करोड़ रुपये कमाए।
रिकॉर्ड
शाहरुख-प्रभास की फिल्में ध्वस्त, अपना रिकॉर्ड तोड़ने से चूके यश
यश की फिल्म ने पहले दिन अपनी धाकड़ कमाई से 'पठान' (57 करोड़), 'जवान (75 करोड़), 'एनिमल' (63.80 करोड़) और 'कल्कि 2898 एडी' (95.30 करोड़) के ओपनिंग कलेक्शन को धूल चटा दी।
हालांकि, वह अपनी पिछली ब्लॉकबस्टर फिल्म 'KGF चैप्टर 2' (पहले दिन 116 करोड़) का रिकॉर्ड नहीं तोड़ सके। रणवीर सिंह अभिनीत 'धुरंधर 2' (102.55 करोड़) का रिकॉर्ड तोड़ने से भी चूक गए।
बता दें, 'टॉक्सिक' पैन-इंडिया फिल्म है, जिसमें कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया समेत कई कलाकार हैं।