गणेश चतुर्थी: इन एनिमेटेड फिल्मों के जरिए बच्चों का दिन बनाए खास
क्या है खबर?
गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर पूरा देश जश्न के माहौल में डूबा हुआ है। 10 दिनों तक चलने वाले इस उत्सव को बच्चों के लिए भी उन्हें एनिमेटेड फिल्में दिखाकर खास बनाया जा सकता है। दरअसल, सिनेमा में एनिमेशन स्टूडियोज द्वारा ऐसी कई फिल्मों का निर्माण किया गया है, जो बप्पा की बाल लीलाओं को दिखाती हैं। कुछ तो बच्चों को सच्ची दोस्ती का पाठ भी पढ़ाती है। ऐसी ही कुछ एनिमेटेड फिल्मों का विकल्प यहां दिया गया है।
#1 & #2
'बाल गणेश' और 'बाल गणेश 2'
2007 में आई एनिमेटेड फिल्म 'बाल गणेश' गणपति बप्पा की बाल लीलाओं और उनकी शरारतों पर आधारित एक लोकप्रिय फिल्म है।
यह भगवान शिव और माता पार्वती के साथ उनके खूबसूरत रिश्ते को भी दर्शाती है। इसे IMDb ने 7.7 की रेटिंग दे रखी है। यहि अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद है।
2009 में इसका सीक्वल 'बाल गणेश 2' आया जो जियोहॉटस्टार पर मौजूद है। यह फिल्म भगवान गणेश की आगे की रोमांचक यात्रा और पौराणिक कथाओं को दिखाती है।
#3 & #4
'माय फ्रेंड गणेशा' और 'छोटा भीम एंड गणेश इन द अमेजिंग ओडिसी'
गणेश के बचपन को दिखाती फिल्म 'माय फ्रेंड गणेशा' भी काफी लोकप्रिय रही है, जो जियोहॉटस्टार पर मौजूद है। इस फिल्म की खासियत यह है कि इसमें सिर्फ बप्पा का एनिमेटेड अवतार दिखाया गया है।
इसमें एहसास चन्ना मुख्य किरदार में नजर आई हैं। यह फिल्म दोस्ती का पाठ पढ़ाती है।
'छोटा भीम एंड गणेश इन द अमेजिंग ओडिसी' बप्पा और लोकप्रिय छोटा भीम को साथ लाती है। नेटफ्लिक्स पर मौजूद यह फिल्म बच्चों के लिए खास हो सकती है।
#5 & #6
'बाल गणेश एंड द पॉमजॉम प्लैनेट' और 'लव यू गणेशा'
'बाल गणेश एंड द पॉमजॉम प्लैनेट' शेमारू किड्स द्वारा प्रस्तुत एक लोकप्रिय एनिमेटेड बच्चों की फिल्म सीरीज है, जिसमें पौराणिक कथाओं के साथ-साथ साइंस फिक्शन का तड़का भी लगाया गया है।
इसका जबरदस्त एनिमेशन और गणेश की बाल लीलाएं बच्चों को स्क्रीन से बांधकर रखेंगी। यह जियोहॉटस्टार पर है।
वहीं, 'लव यू गणेशा' 2015 में आई बप्पा की एक और एनिमेटेड फिल्म है, जिसे ZEE5 पर उपलब्ध कराया गया है। इसकी कहानी बुद्धी और सही मेहनत का पाठ सिखाती है।