टीनू आनंद की कैसे टूटी पसलियां? अभिनेता ने खुद सुनाई उस दर्दनाक रात की कहानी
क्या है खबर?
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और फिल्म निर्माता टीनू आनंद को कुछ समय पहले मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया था। इस दौरान उन्हें 5 पसलियों में फ्रैक्चर और एक टूटी पसली की वजह से फेफड़े में छेद होने का पता चला था। हालांकि, अब उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और वह घर पर आराम कर रहे हैं। इस बात की जानकारी खुद टीनू ने दी है।
वजह
टीनू को कैसे लगी चोट
टीनू ने PTI से बात करते हुए कहा, "मैं 14 दिनों के बाद घर लौटा हूं और अब बेहतर महसूस कर रहा हूं। जब तक डॉक्टर मुझे कह न दें, तब तक मुझे आराम करना है। मैं रात के समय चल रहा था और कमरे में अंधेरा था, तभी अचानक मैं गिर गया और उसके बाद सो गया। अगली सुबह मुझे पता चला कि मेरी हड्डी टूट गई हैं, इसलिए मेरी बेटी मुझे अस्पताल ले गई।"
काम
अगले महीने अपनी 2 दक्षिण भारतीय फिल्मों का काम शुरू करेंगे टीनू
अमिताभ बच्चन अभिनीत फिल्म 'कालिया', 'शहंशाह', 'मैं आजाद हूं' और 'मेजर साहब' जैसी फिल्मों के निर्देशन के लिए मशहूर टीनू ने आगे कहा, "सीटी स्कैन के बाद पता चला कि मुझे 5 फ्रैक्चर हैं। मुझे याद नहीं कि मैंने वह समय कैसे बिताया, लेकिन अब मैं ठीक हूं। मैं घर पर आराम कर रहा हूं।"
उन्होंने आगे बताया कि उन्हें उम्मीद है कि अगले महीने वह अपनी 2 दक्षिण भारतीय भाषाओं की फिल्मों पर काम शुरू कर सकेंगे।