'मिशन कश्मीर' समेत इन यादगार फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं विधु विनोद चोपड़ा
क्या है खबर?
निर्माता-निर्देशक विधु विनोद चोपड़ा ने बॉलीवुड को एक से बढ़कर एक बेहतरीन फिल्में दी हैं।
उनकी फिल्मों में राजनीतिक-समाजिक समस्याओं के बीच पनपने वाले प्यार का एक खास पहलू देखने को मिलता है। यही वजह है उनकी रोमांटिक फिल्में खूब पंसद की जाती हैं।
निर्माता के रूप में भी उन्होंने कई बेहतरीन फिल्मों का निर्माण किया है।
इस साल सिनेमा जगत में उनके 45 साल पूरे हो रहे हैं। आइए, नजर डालते हैं उनकी बेहतरीन फिल्मों पर।
#1
'1942: ए लवस्टोरी'
'1942: ए लव स्टोरी' हिंदी सिनेमा की बेहतरीन रोमांटिक फिल्मों में से एक है। फिल्म का संगीत आज भी पसंद किया जाता है।
फिल्म में अनिल कपूर और मनीषा कोइराला की जोड़ी नजर आई थी। इनके साथ फिल्म में जैकी श्रॉफ और अनुपम खेर भी शामिल थे।
फिल्म 1940 की आजादी के आंदोलन की पृष्ठभूमि पर आधारित थी। फिल्म में इस आंदोलन के बीच परवान चढ़ी एक प्रेम कहानी दिखाई गई थी।
यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद है।
#2
'मिशन कश्मीर'
2000 की फिल्म 'मिशन कश्मीर' में भी एक ऐसी प्रेम कहानी दिखाई गई थी, जो कश्मीर में फैल रहे आतंकवाद के बीच शुरू होती है। फिल्म में ऋतिक रोशन और प्रीति जिंटा की जोड़ी नजर आई थी।
यह एक ऐसे पुलिसवाले की कहानी थी, जो आतंकी को ढूंढने के दौरान एक पूरे परिवार का कत्ल कर देता है। वह परिवार के एकमात्र बचे बच्चे को गोद ले लेता है।
यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर देखी जा सकती है।
#3
'एकलव्य: द रॉयल गार्ड'
विधु की फिल्म 'एकलव्य: द रॉयल गार्ड' भारत की ओर से ऑस्कर के लिए भेजी गई थी। यह फिल्म 2007 में आई थी।
फिल्म में अमिताभ बच्चन, सैफ अली खान और संजय दत्त नजर आए थे। फिल्म एक शाही परिवार पर आधारित थी, जिसे उसका बूढ़ा बॉडीगार्ड बचाने की कोशिश करता है। उसके पास इस परिवार के सारे काले राज भी हैं।
इस फिल्म को भी आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।
#4
'शिकारा'
'शिकारा' विधु की हालिया निर्देशित फिल्मों में से एक है। यह फिल्म 2020 में आई थी।
यह फिल्म कश्मीरी पंडितों की मुश्किलों पर आधारित थी। फिल्म एक ऐसे जोड़े पर केंद्रित है, जो इन सभी मुश्किलों के सामने भी अपने प्यार को जिंदा रखने में कामयाब रहता है।
फिल्म में सादिया खातीब और जैन दुर्रानी नजर आए थे।
विधु की यह लव स्टोरी भी अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद है।
#5
'परिंदा'
'परिंदा' विधु की सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली फिल्मों में शुमार है। यह फिल्म 1989 में आई थी।
फिल्म में अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित की जोड़ी नजर आई थी। फिल्म में नाना पाटेकर, जैकी श्रॉफ और अनुपम खेर भी शामिल थे।
यह क्राइम ड्रामा फिल्म एक ऐसे व्यक्ति कब कहानी थी, जिसके दोस्त को उसके ही भाई के गुंडे साथी मार देते हैं।
अमेजन प्राइम वीडियो पर इस फिल्म को देखा जा सकता है।
निर्माता
न्यूजबाइट्स प्लस
निर्देशन के अलावा विधु ने कई बेहतरीन फिल्मों का निर्माण भी किया है। इसमें '3 इडियट्स', 'मुन्नाभाई' फ्रैंचाइजी, 'परिणीता', 'संजू' जैसी बेहतरीन फिल्म शामिल है।
सिनेमा में विधु के 45 साल पूरे होने के मौके पर इन फिल्मों को दोबारा सिनेमाघरों में दिखाया जाएगा। 13 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक ये फिल्में PVR-INOX में के सिनेमाघरों में दिखाई जाएंगी।
विधु द्वारा निर्देशित अगली फिल्म '12वीं फेल' 27 अक्टूबर को रिलीज होने वाली है।