टाइगर श्रॉफ ने पुणे वाला अपना आलीशान अपार्टमेंट बेचा, कमाया इतना मुनाफा
क्या है खबर?
फिल्मी सितारों रियल एस्टेट में साैदे को लेकर हमेशा से चर्चाओं में रहते हैं। ताजा नाम टाइगर श्रॉफ का है, जिन्होंने अपने पुणे स्थित अपार्टमेंट को 8.87 करोड़ रुपये में बेचकर चर्चा बटोरी है। जैपकी द्वारा प्राप्त संपत्ति पंजीकरण डेटा के अनुसार, अभिनेता का यह अपार्टमेंट शहर के हडपसर इलाके में स्थित था। बताया जाता है कि उन्होंने मार्च, 2024 में यह संपत्ति 7.5 करोड़ रुपये में खरीदी थी, जिससे उन्हें निवेश पर लगभग 18.3% का सकल मुनाफा मिला है।
सौदा
पिछले महीने पंजीकृत किया गया सौदा
पंचशील रियल्टी द्वारा विकसित यू पुणे प्रोजेक्ट में स्थित यह अपार्टमेंट, दस्तावेजों के अनुसार, 4,249 वर्ग फुट क्षेत्रफल में फैली इस संपत्ति को 20,891 रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से बेचा गया है। 31 मार्च, 2026 को पंजीकृत इस सौदे में 3 पार्किंग स्थल शामिल थे। सौदे में 62 लाख रुपये से ज्यादा का स्टांप शुल्क और 30,000 रुपये का पंजीकरण शुल्क शामिल है। दस्तावेजों से यह भी पता चलता है कि खरीदार चेरीज (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड है।
लीज
कंपनी ने पहले लीज पर लिया था अपार्टमेंट
दस्तावेंजों के अनुसार, चेरीज प्राइवेट लिमिटेड ने अभिनेता से यह अपार्टमेंट पहले 3.5 लाख रुपये प्रति माह के किराए पर 5 साल के लिए लीज पर लिया था। यह सौदा दोनों पक्षों के बीच पहले से मौजूद संबंध को दर्शाता है। टाइगर की कामकाजी जिंदगी पर बात करें, तो उन्हें आखिरी बार 'बाघी 4' में देखा गया था जो सितंबर, 2025 में रिलीज हुई थी। आने वाले दिनों में उन्हें 'वज्र' और 'लग जा गले' जैसी फिल्मों में देखा जाएगा।