Page Loader
दर्शकों के बीच कब आएगी टाइगर श्रॉफ की फिल्म 'गणपत'? रिलीज डेट जारी
टाइगर श्रॉफ की फिल्म ‘गणपत’ की रिलीज डेट जारी

दर्शकों के बीच कब आएगी टाइगर श्रॉफ की फिल्म 'गणपत'? रिलीज डेट जारी

Sep 27, 2021
06:39 pm

क्या है खबर?

अभिनेता टाइगर श्रॉफ आने वाले दिनों में कई बड़ी फिल्मों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। वह फिल्म 'गणपत' को लेकर भी सुर्खियों में हैं। अब उनकी इस फिल्म की रिलीज डेट भी सामने आ गई है। फिल्म के प्रोडक्शन हाउस ने इस बारे में जानकारी दी है। इसके बाद टाइगर की इस फिल्म को लेकर फैंस बेहद उत्साहित हो गए हैं। यह फिल्म 2022 में क्रिसमस के खास मौके पर रिलीज होगी। आइए जानते हैं क्या जानकारी मिली है।

ऐलान

23 दिसंबर को सिनेमाघरों में धमाकेदार एंट्री मारेंगे टाइगर

टाइगर की इस फिल्म का प्रशंसक लंबे वक्त से इंतजार कर रहे थे और 27 सितंबर को निर्माताओं ने टाइगर के प्रशंसकों को खुशखबरी दी है। निर्माताओं ने एक वीडियो जारी कर 'गणपत पार्ट-1' की रिलीज डेट बताई है। टाइगर 23 दिसंबर, 2022 को सिनेमाघरों में गणपत बन धमाकेदार एंट्री मारेंगे। इस फिल्म का ऐलान पिछले साल नवंबर में हुआ था। साथ ही बताया गया था कि यह 2022 में रिलीज होगी। हालांकि, तारीख का ऐलान अब किया गया है।

जानकारी

फिल्म में कृति के साथ बनी हैं टाइगर की जोड़ी

'गणपत' का निर्देशन विकास बहल कर रहे हैं। यह रोमांटिक-एक्शन फिल्म है। इसमें टाइगर के साथ कृति सैनन नजर आएंगी, जो फिल्म 'हीरोपंती' में उनके साथ काम कर चुकी हैं। इसी साल फरवरी में कृति के फिल्म की स्टारकास्ट में शामिल होने का ऐलान किया गया था। वह इसमें जस्सी नाम की एक महिला की भूमिका निभाने वाली हैं। टाइगर की तरह कृति भी फिल्म में एक्शन दिखाई देंगी। फिल्म से उनका शानदार लुक भी सामने आ चुका है।

कहानी

दर्शकों को 2090 की दुनिया में ले जाएगी 'गणपत'

'गणपत' दो भागों में बनेगी। इसका नाम 'गणपत' इसलिए रखा गया है, क्योंकि बॉक्सर बने टाइगर श्रॉफ फिल्म में गणपति के भक्त बताए गए हैं। यह फिल्म दर्शकों को 2090 की दुनिया में ले जाएगी। यह फिल्म मूल रूप से भविष्य पर आधारित है। आज से 69 साल आगे यानी साल 2090 का मुंबई कैसा होगा? भारत की स्थिति क्या होगी? उस वक्त दुनिया के राजनीतिक और आर्थिक हालात कैसे होंगे? यह सब फिल्म में दिखाया जाएगा।

घोषणा

टाइगर की फिल्म 'हीरोपंती 2' की रिलीज डेट भी जारी

टाइगर अभिनीत फिल्म 'हीरोपंती 2' की रिलीज डेट भी जारी हो गई है। यह फिल्म अगले साल 6 मई को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इस फिल्म में टाइगर के साथ अभिनेत्री तारा सुतारिया नजर आएंगी। यह टाइगर की पहली फिल्म 'हीरोपंती' का सीक्वल है। टाइगर ने इसी फिल्म से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। अहमद खान के निर्देशन में बन रही 'हीरोपंती 2' के निर्माता साजिद नाडियाडवाला हैं। फिलहाल इस फिल्म की शूटिंग लंदन में चल रही है।