टाइगर श्रॉफ के घायल फैन से मिलने पहुंचीं मां आयशा, अस्पताल में बढ़ाया हौसला
क्या है खबर?
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की घटना में उनका ड्राइवर और फैन उमेश चौहान घायल हो गए। 35 वर्षीय व्लॉगर उमेश के सीने में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें मुंबई के KEM अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया। इस बीच, टाइगर की मां आयशा श्रॉफ घायल उमेश का हाल जानने अस्पताल पहुंचीं। इसकी जानकारी उमेश के साथी व्लॉगर किसान राजभर ने दी, जो उन्हें अस्पताल लेकर गए थे।
काम
अस्पताल जाकर आयशा ने किया यह काम
उमेश के दोस्त ने बताया, "आयशा ने अस्पताल आकर उमेश की तबीयत के बारे में पूछा और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने उनके दोस्तों के साथ अपना फोन नंबर भी साझा किया और कहा कि उनकी सर्जरी के बारे में उन्हें जानकारी दी जाए।"
राजभर ने आगे बताया कि आयशा के आने से उमेश और अस्पताल में उनके साथ मौजूद दोस्त बहुत भावुक हो गए। टाइगर की मां के इस कदम ने व्लॉगर के परिवार और दोस्तों का दिल छू लिया।
भावुक
अस्पताल में भावुक हो गई थीं आयशा
ICU में तैनात एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "आयशा भावुक हो गई थीं, क्योंकि उन्हें शायद एहसास हो गया होगा कि यह व्यक्ति उस हमले में घायल हुआ है, जो असल में उनके बेटे पर किया गया था। उनका यहां आना बहुत ही विचारशील कदम था।"
बता दें डॉक्टर सर्जरी के जरिए उमेश को लगी गोली निकालने की तैयारी कर रहे हैं। यह सर्जरी 21 अक्टूबर को होने वाली है।