Page Loader
सुनिधि चौहान के ये पांच यादगार गाने आपको झूमने पर मजबूर कर देंगे
सुनिधि चौहान के पांच यादगार गाने

सुनिधि चौहान के ये पांच यादगार गाने आपको झूमने पर मजबूर कर देंगे

Aug 14, 2022
11:31 am

क्या है खबर?

मशहूर गायिका सुनिधि चौहान की मखमली आवाज का दुनिया दीवाना है। 13 साल की उम्र में ही उन्होंने अपना प्रोफेशनल सिंगिंग करियर शुरू कर दिया था। सुनिधि के पिता एक थिएटर कलाकार थे, इसलिए सुनिधि बचपन से ही स्टेज शोज करने लगी थीं। उनका जन्म 14 अगस्त, 1983 को दिल्ली में हुआ था। आज वह अपना 39वां जन्मदिन मना रही हैं। आइए इस खास मौके पर उनके पांच यादगार गानों पर नजर डालते हैं।

#1

शीला की जवानी

सुनिधि का गाया गाना 'शीला की जवानी' को फैंस भुला नहीं पाएंगे। इस गाने में दिग्गज अभिनेत्री कैटरीना कैफ ने ग्लैमर का तड़का लगाया था। इस गाने ने कैटरीना को काफी शोहरत दिलाई। यह फिल्म 'तीस मार खां' का गाना है, जिसे विशाल ददलानी और सुनिधि ने मिलकर गाया था। गाने के बोल विशाल ने ही लिखे थे, जबकि इसे विशाल-शेखर ने कंपोज किया था। इस गाने में मस्ती का भरपूर डोज शामिल है।

#2

आपका क्या होगा जनाबे अली

इस कड़ी में 'आपका क्या होगा जनाबे अली' भी शामिल है। फिल्म 'हाउसफुल' के इस गाने को दर्शक आज भी गुनगुनाते हैं। गाने की धुन पर जैकलीन फर्नांडिस, अक्षय कुमार, अर्जुन रामपाल और रितेश देशमुख जैसे सितारे थिरकते हुए दिखे थे। मीका सिंह, सुनिधि, शंकर महादेवन, साजिद खान और अरुण इंगल ने इस गाने को गाया था। गाने का लेखन समीर ने किया था। सुनिधि के फैंस को यह गाना जरूर सुनना चाहिए।

#3

ऐ वतन

2018 में रिलीज हुई फिल्म 'राजी' का गाना 'ऐ वतन' आपमें देशभक्ति का जुनून भर देगा। इस गाने को सुनिधि ने ही अपनी आवाज से संवारा है। शंकर एहसान लॉय ने इसका म्यूजिक कंपोज किया है। गाने में अभिनेत्री आलिया भट्ट का अभिनय देखते ही बनता है। यह गाना आपको एक ऐसे सफर पर लेकर जाएगा, जिससे आपकी आंखें नम हो जाएंगी। ये सुनिधि की आवाज का ही जादू है, जिसने इस गाने को हिट बना दिया।

#4

इश्क सूफियाना

सुनिधि के तरकश में एक से बढ़कर एक कई गाने हैं। उन्होंने देशभक्ति से लेकर रोमांटिक गाने को भी बखूबी गाया है। 2011 में रिलीज हुई फिल्म 'द डर्टी पिक्चर' का गाना 'इश्क सूफियाना' हर प्यार करने वालों को रोमांचित करता है। इस गाने में इमरान हाशमी और विद्या बालन अभिनय करते नजर आए। इस गाने के फीमेल वर्जन को सुनिधि ने गाया है। लोगों ने इस गाने के लिए सुनिधि को ढेर सारा प्यार दिया।

#5

बीड़ी जलइले

जब आइमट सॉन्ग की बात आती है, तो सुनिधि का आवाज और निखरकर सामने आता है। फिल्म 'ओमकारा' का गाना 'बीड़ी जलइले' में उनकी आवाज ने अलग समां बांधा। यह गाना सुपर-डुपर हिट साबित हुआ था। फिल्म के गाने में अभिनेत्री बिपाशा बसु ने अपने अभिनय से लोगों का दिल जीत लिया था। गुलजार ने गाने के बोल लिखे थे। इस गाने में अजय देवगन, करीना कपूर और सैफ अली खान भी नजर आए।