'नच बलिए 10' में नजर आ सकती हैं ये जोड़ियां, गौहर-जैद का नाम भी शामिल
क्या है खबर?
सेलेब्रिटी डांस रियलिटी शो 'नच बलिए' एक बार फिर छोटे पर्दे पर दस्तक देने के लिए तैयार है।
इसकी तैयारियां जोरों पर हैं। हमेशा की तरह शो का दसवां सीजन भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
अब खबर है कि शो में आदित्य नारायण और श्वेता अग्रवाल से लेकर गौहर खान-जैद दरबार जैसी पांच जोड़ियों की एंट्री लगभग तय है।
चलिए जानते हैं कि कैसे ये जोड़ियां शो में एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देंगी।
जोड़ियां
इन पांच जोड़ियों के नाम पर हो रही चर्चा
'बिग बॉस 14' के बाद अब हर ओर 'नच बलिए 10' की चर्चा हो रही है।
स्पॉटबॉय के मुताबिक 'नच बलिए' के लिए आदित्य नारायण और उनकी पत्नी श्वेता अग्रवाल का चयन हो गया है।
इसके अलावा गौहर खान और जैद दरबार से भी संपर्क किया गया है। उन्होंने भी इसमें खासी दिलचस्पी दिखाई है।
रुपाली गांगुली-अश्विन वर्मा, दीपिका सिंह-रोहित राज गोयल और मेघा चक्रवर्ती भी अपने पार्टनर के साथ शो में अपने डांस का जलवा बिखेर सकती हैं।
#1
'झलक दिखला जा' में भी नजर आ चुकी हैं गौहर
सभी जानते हैं कि गौहर खान एक बेहतरीन डांसर हैं और कई आइटम नंबर्स में अपने डांस का तड़का लगा चुकी हैं।
दूसरी तरफ उनके पति जैद दरबार भी कोरियोग्राफर हैं। दोनों सोशल मीडिया पर अक्सर अपने डांस वीडियो पोस्ट करते रहते हैं।
गौहर इससे पहले डांस रियलिटी शो 'झलक दिखला जा' के तीसरे सीजन में नजर आई थीं। इसमें वह पहली रनर अप थीं। अब गौहर को 'नच बलिए' में जैद संग ठुमके लगाते देखना दिलचस्प होगा।
#2
शो में शामिल होने को उत्साहित हैं आदित्य और श्वेता
जाने-माने गायक उदित नारायण के बेटे आदित्य नारायण ने भी पत्नी श्वेता अग्रवाल के साथ शो का हिस्सा बनने के लिए हामी भर दी है।
दोनों पिछले साल एक दिसंबर को शादी के बंधन में बंधे थे। करीब 10 साल एक-दूसरे डेट करने के बाद दोनों ने शादी कर ली।
बताया जा रहा है कि आदित्य और श्वेता दोनों ही 'नच बलिए' में जाने के लिए बेहद उत्साहित हैं।
आदित्य इस समय 'इंडियन आइडल 12' को होस्ट कर रहे हैं।
#3
डांस की शौकीन दीपिका सिंह भी धूम मचाने को तैयार
'दीया और बाती हम' से घर-घर में लोकप्रिय हुईं अभिनेत्री दीपिका सिंह भी अपने पति रोहित राज गोयल के साथ शो में थिरकती नजर आ सकती हैं।
इस सिलसिले में 'नच बलिए' के निर्माताओं से उनकी बातचीत लगातार जारी है।
कहा तो यह भी जा रहा है कि दीपिका ने शो के लिए रजामंदी दे दी है।
डांस की दीवानगी दीपिका के सिर चढ़कर बोलती है। आजकल वह सोशल मीडिया पर अपने डांस वीडियो खूब शेयर कर रही हैं।
#4
रुपाली गांगुली भी लगाएंगी पति के साथ ठुमके
अभिनेत्री रुपाली गांगुली और उनके पति अश्विन वर्मा से भी 'नच बलिए' के लिए संपर्क किया गया है। दोनों ही शो में धमाल मचाने के लिए तैयार हैं।
यह रुपाली के प्रशंसकों के लिए एक खास मौका होगा। दरअसल, शो में पहली बार वह अपने पति के साथ हिस्सा लेती दिखेंगी।
रुपाली अभिनीत धारावाहिक 'अनुपमा' इन दिनों लगातार टीआरपी लिस्ट में नंबर एक पर बना हुआ है। शो में वह अनुपमा नाम का किरदार निभा रही हैं।
#5
शो में मेघा चक्रवर्ती भी दर्ज करा सकती हैं मौजूदगी
धारावाहिक 'कृष्णा चली लंदन' से दर्शकों की चहेती बनीं अभिनेत्री मेघा चक्रवर्ती भी अपने पार्टनर के साथ 'नच बलिए 10' का हिस्सा बन सकती हैं। उन्हें हाल ही में शो का प्रस्ताव मिला है।
हालांकि इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
मेघा 'बड़ी देवरानी' और 'पेशवा बाजीराव' जैसे धारावाहिकों में भी नजर आ चुकी हैं।
धारवाहिक 'कातेलाल एंड सन्स' में भी अपनी शानदार अदाकारी से उन्हें दर्शकों से काफी तारीफ मिली है।