अनुष्का शर्मा से लेकर करीना कपूर तक, 2020 में इन सितारों ने सुनाई प्रेग्नेंसी की खबर

कोरोना वायरस की वजह से 2020 सभी के लिए बहुत मुश्किल भरा रहा है। हालांकि, वहीं दूसरी ओर यह साल कई सितारों के घर ढेरों खुशियां भी लेकर आया है। दरअसल, आज हम आपके सामने उन बॉलीवुड और छोटे पर्दे के कलाकारों के बारे में बात करने जा रहे हैं जिन्होंने इस साल अपने फैंस को माता-पिता बनने की खुशखबरी सुनाई है। आइए जानें।
बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने 27 अगस्त, 2020 को ऐलान किया था कि वह जल्द ही माता-पिता बनने वाले हैं। इसी के साथ अनुष्का और विराट ने एक तस्वीर भी शेयर की थी, जिसमें अभिनेत्री का बेबी बंप साफतौर पर देखा जा सकता है। अनुष्का जनवरी में अपने पहले बच्चे को जन्म देंगी। इसके बाद से ही अनुष्का अपने बेबी बंप के साथ कई तस्वीरें पोस्ट कर चुकी हैं।
And then, we were three! Arriving Jan 2021 ❤️🙏 pic.twitter.com/0BDSogBM1n
— Virat Kohli (@imVkohli) August 27, 2020
पटौदी परिवार की बहू और अभिनेत्री करीना दूसरी बार मां बनने वाली हैं। सैफ अली खान और करीना ने 12 अगस्त, 2020 को अपने दूसरे बच्चे को लेकर आधिकारिक ऐलान किया था। इसके बाद करीना को कई बार बेबी बंप के साथ स्पॉट किया जा चुका है। बता दें कि सैफ और करीना पहले से ही तैमूर के माता-पिता हैं। जबकि सैफ और उनकी पहली पत्नी अमृता सिंह के भी दो बच्चे सारा अली खान और इब्राहिम अली खान हैं।
अभिनेत्री अमृता राव ने 1 नवंबर, 2020 को अपने पहले बच्चे को जन्म दिया। अमृता की प्रग्नेंसी की खबर तब सामने आई थी जब उन्हें पति के साथ एक हॉस्पिटल के बाहर देखा गया था। इसमें अभिनेत्री का बेबी बंप साफ दिख रहा था। बता दें कि उन्होंने 2016 में एक निजी समारोह में आरजे अनमोल से शादी की थी। इसके बाद से ही उन्होंने खुद को लाइमलाट से काफी हद तक दूर कर लिया था।
अभिनेत्री नताशा और भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलरांडर हार्दिक पांड्या भी इसी साल माता-पिता बने हैं। दोनों ने मई में ऐलान किया था कि जल्द ही उनके घर किलकारियां गूंजने वाली हैं। इसके बाद 30 जुलाई को नताशा ने अपने पहले बेटे को जन्म दिया। दोनों ने जनवरी में ही एक दूसरे से सगाई की थी। इसके बाद दोनों ने घर में ही एक निजी समारोह में पूरे रीति-रिवाजों से शादी की थी।
छोटे और बड़े पर्दे की मशहूर अदाकारा अनीता हसनंदानी भी जल्द ही अपने पहले बच्चे को जन्म देने वाली हैं। यह खुशखबरी अनीता और पति रोहित रेड्डी ने इंस्टाग्राम पर एक क्यूट वीडियो शेयर कर दी थी। इसके साथ अनीता ने दिल वाले इमोजी बनाते हुए इस बात की ओर इशारा किया था कि वह अब दो से तीन होने वाले हैं। बता दें कि अनीता 2013 में रोहित से शादी की थी।