आ गया 'मिर्जापुर: द मूवी' का टीजर, कालीन भैया-गुड्डू के आने से मचेगा गदर; नए चेहरों का भी होगा जलवा
'मिर्जापुर: द मूवी' का पहला टीजर आ गया है। अब इस मशहूर सीरीज को बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार खत्म होने वाला है।
यह फिल्म 4 सितंबर, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म में अली फजल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु गुड्डू, कालीन भैया और मुन्ना के रूप में लौट रहे हैं।
यानी, दर्शकों को अपने चहेते कलाकार और उनका वही पुराना, दमदार अंदाज फिर से देखने को मिलेगा।
'मिर्जापुर' में हुई जितेंद्र कुमार और रवि किशन की एंट्री
यह नया अध्याय कहानी की मूल समयरेखा को तो बरकरार रखेगा, लेकिन दर्शकों को नए इलाकों की सैर भी कराएगा।
फिल्म में राजस्थान के रेगिस्तान और पूर्वांचल के कई दृश्य दिखाए जाएंगे। जितेंद्र कुमार बबलू पंडित के किरदार में दिखेंगे, वहीं रवि किशन भी एक अहम भूमिका निभाते हुए कहानी को और गहरा बनाएंगे।
कलाकारों की सूची भी काफी लंबी है, जिसमें अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, शीबा चड्ढा, श्रिया पिलगांवकर और श्वेता त्रिपाठी जैसे कई जाने-माने नाम शामिल हैं।
फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह कर रहे हैं और इसकी पटकथा पुणेत कृष्णा ने लिखी है। अमेजन MGM स्टूडियोज इसे प्रस्तुत कर रहा है, जबकि एक्सेल एंटरटेनमेंट ने इसे निर्मित किया है। यह फिल्म हिंदी और तेलुगू दोनों भाषाओं में रिलीज होगी।