'दृश्यम 3' का महाधमाका, 2 भाषाओं में रिलीज होंगी 2 बिल्कुल अलग कहानियां
'दृश्यम 3' इस बार दो बिल्कुल अलग कहानियों और स्क्रिप्ट के साथ दर्शकों को चौंकाने के लिए तैयार है। जीथू जोसेफ के निर्देशन में बनी मोहनलाल की मलयालम फिल्म 21 मई 2026 को रिलीज होगी, जो पूरी तरह एक इमोशनल फैमिली ड्रामा होगी, वहीं अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी अजय देवगन की हिंदी फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में आएगी। दोनों ही निर्देशकों ने अपनी-अपनी भाषाओं के दर्शकों की पसंद के हिसाब से अलग स्क्रिप्ट लिखी है और एक-दूसरे को सुझाव भी दिए हैं।
अजय देवगन के सामने अब जयदीप अहलावत
इस बार 'दृश्यम 3' का हिंदी और मलयालम वर्जन दर्शकों को दो अलग तरह के सस्पेंस और ट्विस्ट के साथ चौंकाने वाला है।
हिंदी फिल्म में इस बार अक्षय खन्ना की जगह जयदीप अहलावत की एक नए किरदार में एंट्री हुई है, जिससे विजय सालगांवकर (अजय देवगन) के साथ उनका जबरदस्त और तनाव भरा टकराव देखने को मिलेगा। इसके साथ ही फिल्म के निर्माता मलयालम सिनेमा में भी काफी व्यस्त हैं। वे मोहनलाल की 'दृश्यम 3' को डिस्ट्रीब्यूट करने के साथ-साथ एक्टर निविन पॉली जैसे बड़े सितारों के साथ 6 और फिल्मों पर काम कर रहे हैं।